Ambedkar Nagar News: अराजकतत्वों की आंबेडकर प्रतिमा को किया क्षतिग्रस्त, लोगों में आक्रोश
अंबेडकरनगर के मिझौड़ा गांव में अराजक तत्वों ने एक जिला पंचायत सदस्य के घर में स्थापित आंबेडकर प्रतिमा को तोड़ दिया जिससे गांव में तनाव फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए और हंगामा करने लगे। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और नई प्रतिमा स्थापित करवाई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

संवाद सूत्र, भीटी। जिला पंचायत सदस्य के घर की चारदीवारी तोड़कर घुसे अराजकतत्वों ने आंबेडकर प्रतिमा और सीलिंग फैन क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे गांव में तनाव व्याप्त हो गया। पुलिस व प्रशासन ने पहुंचकर ग्रामीणों को समझा बुझाकर नई प्रतिमा स्थापित कराया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए। पीड़ित ने अज्ञात अराजकतत्वों के विरुद्ध केस दर्ज कर कार्रवाई के लिए तहरीर दी है।
अहिरौली के मिझौड़ा गांव की उर्मिला देवी भीटी प्रथम से जिला पंचायत सदस्य हैं। उन्होंने अपने घर की चारदीवारी के अंदर आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित किया है। आंबेडकर जयंती के अवसर पर ग्रामीण यहीं इकट्ठा होकर जुलूस व अन्य कार्यक्रम का आयोजन करते हैं। रविवार की रात पूरा गांव सो रहा था। इसी दौरान अराजकतत्वों ने चारदीवारी तोड़ अंदर प्रवेश किया और वहां लगी आंबेडकर प्रतिमा की नाक, आंख तथा चेहरे को क्षतिग्रस्त कर दिया।
जिला पंचायत सदस्य को घटना की जानकारी सुबह हुई, जब वह प्रतिमा के पास सफाई करने पहुंची। इसकी जानकारी ग्रामीणों को हुई तो सभी में आक्रोश व्याप्त हो गया। सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष, युवक-युवतियां, बच्चे पहुंचकर हंगामा करने लगे। ग्राम प्रधान महेंद्र कुमार सैनी ने पुलिस व तहसील प्रशासन को घटना की सूचना दी। तहसीलदार राजकपूर, नायब तहसीलदार केके मिश्र, सीओ लक्ष्मीकांत मिश्र, भीटी व अहिरौली थानाध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में राजस्व व पुलिसकर्मी पहुंच गए।
ग्रामीणों की सहमति पर क्षतिग्रस्त के स्थान पर नई प्रतिमा लगा दी गई है। ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कर दिया गया है। मामले में अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच की जा रही है।- लक्ष्मीकांत मिश्र, सीओ
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।