UP Block Pramukh Chunav Result : प्रयागराज की मालती देवी सब्जी विक्रेता से बनी ब्लाक प्रमुख, भाजपा ने दिया था टिकट
UP Block Pramukh Chunav Result भगवतपुर ब्लाक क्षेत्र के हरिरामपुर की रहने वाली मालती देवी गांव में ही सब्जी की दुकान लगाती हैं। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में बीडीसी का चुनाव लडा और जीत मिली। ब्लाक प्रमुख के लिए भाजपा से टिकट मिल गया। अब वह ब्लाक प्रमुख चुन ली गई।

प्रयागराज,जेएनएन। प्रयागराज में भगवतपुर विकासखंड की ब्लाक प्रमुख सीट पर मालती देवी ने जीत दर्ज की है। उन्हें 60 वोट मिले। विपक्षी मीना देवी को मात्र पांच वोट मिले। खास बात यह कि मालती देवी की कोई भी राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं है। वह इससे पहले सब्जी बेंचकर अपनी आजीविका चलाती थीं। उनके पति गेंदा लाल भी इसी व्यवसाय को करते हैं।
भगवतपुर ब्लाक क्षेत्र के गांव हरिरामपुर की रहने वाली मालती देवी गांव में ही सब्जी की दुकान लगाती हैं। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में बीडीसी का चुनाव लडऩे का मौका मिला तो हाथ आजमाया। बीडीसी जीतने के बाद ब्लाक प्रमुख के लिए भाजपा से टिकट मिल गया। अब वह ब्लाक प्रमुख चुन ली गई। बताया कि कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह और पार्टी के पदाधिकारियों ने पूरा सहयोग किया। अब क्षेत्र के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। विजयश्री की खबर लेकर मालती देवी शनिवार शाम कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह के निवास पर मिलने भी पहुंची। कैबिनेट मंत्री ने यह भी कहा कि मालती देवी की जीत पं. दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धांतों की जीत है। वहीं सभी विजेताओं को भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी, कमलेश कुमार, कुंज बिहारी मिश्रा, देवेश सिंह, वरुण केसरवानी, रमेश पासी आदि ने बधाई दी।
विधायकों का भविष्य तय करेंगे ब्लाक प्रमुख
जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा अपने प्रत्याशी डॉ. वीके सिंह को जीत दिलाने में सफल हुई। उसके बाद ब्लाक प्रमुख पद के लिए हुए चुनाव में भी कड़ी रस्साकसी देखने को मिली। भाजपा ने अपनादल एस के समर्थन से दस सीटों पर जीत दर्ज की। सपा का दवा है कि उनके उम्मीदवार 11 सीटों पर जीते। दो निर्दलीय भी मैदान मारने में सफल हुए। इन नतीजों का दूरगामी असर होगा। माना जा रहा है कि सभी ब्लाक प्रमुख विधायकों का भविष्य तय करेंगे। इसकी वजह यह कि भाजपा ने सभी विकासखंडों में एक प्रभारी बनाया था साथ ही एक जन प्रतिनिधि को भी क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई थी।
मांडा की सीट पर अशोक सिंह के परिवार का कब्जा बरकरार
मांडा ब्लाक में प्रगति सिंह पत्नी धनवंत सिंह ने जीत दर्ज की है। उन्हें 68 वोट मिले हैं। विपक्ष में मात्र 21 वोट पड़े। यह सीट शुरू से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा सिंह के प्रभाव क्षेत्र में रही है। 2001 में पहली बार रेखा सिंह के पति अशोक सिंह ने यहां से ब्लाक प्रमुख का चुनाव जीता था। उसके बाद से इस सीट पर वही विजेता हुआ जिसके सिर पर रेखा सिंह के परिवार ने हाथ रखा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।