Top Prayagraj News of the day, 26 March 2020 : बेली अस्पताल में दो माह तक न ओपीडी चलेगी और न ही ओटी
कोरोना वायरस से निपटने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी ने लाकडाउन की घोषणा की है। बेली अस्पताल को मरीजों से खाली कराया गया। धार्मिक आयोजन कराने वालों को पुलिस ने हिरासत में लिया।
प्रयागराज, जेएनएन। कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के कारण जिले में भी स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी कर रखी है। इसके लिए बेली अस्पताल को भर्ती मरीजों से खाली कराया गया है। यहां अब सिर्फ इस महामारी के ही मरीज भर्ती होंगे। इसी क्रम में प्रतापगढ़ के कुंडा में धार्मिक आयोजन करने के आरोप में पुलिस ने नौ नामजद एवं 55 अज्ञात पर केस दर्ज किया है। वहीं शादी का ख्वाब लिए घर से निकले दूल्हे और बरातियों को मायूस होकर वापस लौटना पड़ा। बहरिया के सिकंदरा से निकले दूल्हा व बराती शादी के लिए कन्या पक्ष के घर तक वह नहीं पहुंच सके। रास्ते में ही पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
बेली अस्पताल में दो माह तक न ओपीडी चलेगी और न ही ओटी
बेली अस्पताल को पूरी तरह से मरीजों से खाली करा दिया गया है। जो मरीज भर्ती थे, उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। वहीं कुछ मरीजों को काल्विन अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। अगले दो माह तक इस अस्पताल में न तो कोई ओपीडी चलेगी न ही ओटी। अस्पताल को खाली कराने के बाद सैनिटाइज करा दिया गया। अब इसमें सिर्फ कोरोना वायरस के मरीजों को भर्ती किया जाएगा।
धार्मिक आयोजन कर रहे थे, नौ नामजद एवं 55 अज्ञात पर केस दर्ज
कोरोना के बढ़ते दायरे को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे देश में लॉक डाउन की घोषित की है। वहीं सार्वजनिक आयोजनों पर भी प्रतिबंध है। लॉक डाउन का पालन करते हुए अधिकांश लोग घरों में ही हैं। वहीं कुछ लोग इसे नहीं मान रहे, ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी हो रही है। इसी क्रम में धार्मिक आयोजनों में भीड़ जुटाने वालों के खिलाफ प्रतापगढ़ में कुंडा कोतवाली व जेठवारा थाने ने कार्रवाई की। पुलिस ने नौ नामजद वह 55 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
दूल्हे की नहीं हो सकी शादी, बरातियों संग मायूस लौटा
शादी का ख्वाब लिए घर से निकले दूल्हे और बरातियों को मायूस होकर वापस लौटना पड़ा। शादी के लिए कन्या पक्ष के घर तक वह नहीं पहुंच सके। रास्ते में ही पुलिस ने उन्हें रोक लिया। अधिकारियों से बात करने की पुलिस ने कोशिश तो किया ताकि दूल्हे को जाने की परमीशन मिल जाए लेकिन बात न होने से सभी वापस लौट गए। उधर कन्या पक्ष के घर में भी शादी की तैयारी अधूरी ही रह गई। मामला जनपद के बहरिया थाना क्षेत्र के सिकंदरा गांव का है।