पथरी का आपरेशन अब दूरबीन विधि से है आसान, अगर दर्द से परेशान हैं तो मत करिए देर
चिकित्सा विज्ञान और चिकित्सा संसाधन अब इतने विकसित हो चुके हैं कि इनका आपरेशन चुटकियों में हो जाता है। हां यह ध्यान जरूर रखें कि रोग को पालने की बजाए समय रहते डाक्टर के पास जाएं उचित परामर्श लें जांच कराएं और रिपोर्ट के आधार पर इलाज करा लें।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। गाल ब्लेडर यानी पित्त की थैली, यूट्रस (बच्चेदानी) या किडनी में पथरी है तो घबराएं नहीं। चिकित्सा विज्ञान और चिकित्सा संसाधन अब इतने विकसित हो चुके हैं कि इनका आपरेशन चुटकियों में हो जाता है। हां, यह ध्यान जरूर रखें कि रोग को पालने की बजाए समय रहते डाक्टर के पास जाएं, उचित परामर्श लें, जांच कराएं और रिपोर्ट के आधार पर इलाज करा लें। दैनिक जागरण के हेलो डाक्टर कार्यक्रम में कुछ यही बताया स्टोन विशेषज्ञ और मशहूर सर्जन डा. राहुल सिंह ने। पेश है उनसे हुए सवाल और जवाब के प्रमुख अंश।
सवाल : हमारी किडनी में दो पथरी है। एक पांच एमएम और दूसरी छह एमएम की। कभी-कभी दर्द होता है। क्या करें।
घनश्याम सिंह, सिराथू
जवाब : पथरी अगर पांच और छह एमएम की है तो यह ज्यादा तकलीफ वाली बात नहीं है। इस आकार की पथरी में दर्द नहीं होता। हालांकि आप एसआरएन आएं। जांच कराकर देखना होगा कि किडनी में पथरी किस स्थान पर है। अगर पेशाब के रास्ते में पथरी होगी तो उसका इलाज किया जाएगा।
सवाल : नाभि के निचले हिस्से में दाहिनी तरफ दर्द होता है। प्रोस्टेट की जांच हो चुकी है, उसका इलाज हुआ लेकिन दर्द बना रहता है। कब्ज की शिकायत भी है।
आशुतोष, गंगोत्री नगर
जवाब : लगता है कि आपको किसी इंफेक्शन की वजह से दर्द हो रहा है। आपकी आंतों में संक्रमण की शिकायत प्रतीत हो रही है। आप शुक्रवार को स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय आइए। जांच कराकर देखना पड़ेगा कि समस्या कहां आ रही है।
सवाल : मैं 23 साल का हूं। किडनी में पथरी बनती है फिर पेशाब के रास्ते निकल भी जाती है। ऐसा तीन बार हो चुका है और 2015 से यह समस्या लगातार बनी है।
अंशूू गुप्ता
जवाब : आप एसआरएन आइए। आपकी यूरिक एसिड की जांच करा लेते हैं। पथरी बार-बार किन वजह से बन रही है यह देखना होगा।
सवाल : मेरे बड़े भाई को गाल ब्लेडर में पथरी है। क्या उसका आपरेशन ही करवाना पड़ेगा। दवा से ठीक नहीं हो सकता।
नरेश चंद्र निषाद, झूंसी
जवाब : गाल ब्लेडर में पथरी हो जाती है तो उसका आपरेशन ही एकमात्र उचित इलाज है। यह आपरेशन अब तो दूरबीन विधि से आसानी से हो जाता है। बेहतर होगा कि उनका आपरेशन करा लें।
सवाल : मेरी बेटी के ब्रेस्ट में गांठ है। तीन साल से उसे यह समस्या है। कई डाक्टर के पास जा चुके हैं, समस्या खत्म नहीं हो रही।
राजदेव यादव, झूंसी
जवाब : देखिए, ब्रेस्ट की हर गांठ कैंसर नहीं होती और हर गांठ कैंसर में नहीं बदलती है। आपने बेटी का अब तक जो भी इलाज कराया है या जांच करा चुके हैं उसकी रिपोर्ट लेकर स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय आइए।
सवाल : मेरी 22 साल की बेटी है उसे गाल ब्लेडर में पथरी है। कहां इलाज कराएं।
दिनेश कुमार, गारापुर सहसों
जवाब : बेटी की उचित जांच कराएं। एसआरएन लाकर दिखाइए। परेशान न हों। दूरबीन विधि से उसका आपरेशन हो जाएगा।
सवाल : मेरी उम्र 56 साल है। मुझे मधुमेह है। कब्जियत हो जाती है। पेट साफ नहीं हो पाता।
सुनील, दारागंज
जवाब : आप भोजन के साथ सलाद खाना शुरू कर दें। भोजन में फाइवर बढ़ा दें। रात में सोने से पहले खूब पानी पिएं। रोटी उसी आंटे की बनवाएं जिसमें चोकर मिला हो। इससे आराम मिलेगा।
सवाल : जो नानवेजिटेरियन हैं, क्या उन्हें ज्यादा मीट खाने से पथरी हो सकती है।
अनुराग यादव, नार्थ मलाका
जवाब : नानवेज से पथरी नहीं होती। दुनिया में कई मुल्क ऐसे हैं जहां अधिकांश नानवेज ही प्रमुख भोजन होता है। दरअसल यह हार्मोनल और जेनेटिक कारणों से होता है। पथरी दवा से नहीं गलती। इसका आपरेशन ही करना होता है।
सवाल : गुर्दे में चार-पांच एमएम के दो स्टोन हैं। मुझे इसकी जानकारी तब हुई जब पेशाब लाल रंग की होने पर जांच कराई। डाक्टर के कहने पर अल्ट्रासाउंड करा चुके हैं।
मनीष कुमार, पुलिस कांस्टेबिल शांतिपुरम
जवाब : पांच एमएम की पथरी ज्यादा दिक्कत नहीं करती। हो सकता है कि आपको किसी और संक्रमण से ऐसा हो रहा हो। आप यूरिन कल्चर करा लीजिए। इसके बाद एसआरए आकर ओपीडी में दिखाइए।
सवाल : मेरे छोटे भाई को दोनों तरफ हार्निया हो गया है। वो जिम जाता था। क्या दूरबीन विधि से आपरेशन कराएं तो कोई नुकसान होगा।
राजेश, कोरांव
जवाब : हार्निया का आपरेशन हो या पथरी का। दूरबीन विधि से आपरेशन कराने में अब कोई दिक्कत नहीं है। आप भाई को लेकर स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय आइए। उसकी जांच कराकर उचित इलाज करेंगे।
सवाल : मेरी सास की दोनों किडनी में पथरी है। पथरी 12 एमएम की है। उन्हें उठने बैठने में अक्सर दर्द होता है। क्या करें।
अभिमन्यु सिंह, कांटी जसरा
जवाब : आप सास को लेकर स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय आइए। उनकी जांच कराकर रिपोर्ट देख लेंगे। उसके बाद उनका इलाज होगा।
सवाल : मेरी उम्र 72 साल है। मुझे प्रोस्टेट है, शुगर भी है। पेशाब होने पर जलन होती है।
डा. आरएस सिंह, नैनी
जवाब : ऐसा रेसिडल वाल्यूम से होता है। आप रेसिडल वाल्यूम की जांच करा लीजिए। अपना पीवीआर और कल्चर भी करा लीजिए। रिपोर्ट देखकर इलाज की शुरुआत करेंगे।
सवाल : पत्नी को गाल ब्लेडर में पथरी है। उन्हें अक्सर दर्द होता है क्या करें।
शांति भूषण, झूंसी
जवाब : इसका एक ही इलाज है। गाल ब्लेडर में पथरी का दूरबीन विधि से आपरेशन कराएं। कोई इमरजेंसी न हो तो आपरेशन बाद में भी अपनी सुविधानुसार करा सकते हैं लेकिन तब तक उन्हें तेल मसालेदार चीजें कम खाने को दें।
सवाल : मेरी उम्र 35 साल है। पेशाब बार-बार होती है। जलन भी होती है। मुझे क्या दिक्कत हो सकती है।
संजय, नयापुरा
जवाब : आप अपनी शुगर चेक कराइए। यूरिन कल्चर भी करा लीजिए। रिपोर्ट लेकर एसआरएन में शुक्रवार को ओपीडी में आकर दिखाइए।
सवाल : गाल ब्लेडर में सात एमएम की पथरी है। इसका आपरेशन ही कराना पड़ेगा या कुछ और तरीके से इलाज हो सकता है।
सुनील, मुंडेरा
जवाब : पथरी है तो उसका एकमात्र इलाज आपरेशन ही है। दूरबीन विधि से आपरेशन अब बहुत कारगर है। पहले की अपेक्षा यह आपरेशन अब काफी सरल हो गया है।
सवाल : पत्नी को गाल ब्लेडर में 17 एमएम की पथरी है। कुछ खाने पीने में उसे दिक्कत होती है।
आशुतोष
जवाब : जब तक उनका आपरेशन नहीं कराते तब तक तेल मसालेदार चीजें कम खिलाएं। उन्हें पानी खूब पिलाएं। गाल ब्लेडर का इलाज आपरेशन ही है।
इन्होंने ने भी पूछे सवाल
अंजू देवी चंदापुर फतेहपुर, दुर्वासी तिवारी झूंसी, स्मृति सिंह, देवराज पांडेय चक रघुनाथ नैनी, सुषमा शर्मा अल्लापुर, प्रेमलता सिंह कटरा, लवली तिवारी मीरापुर।
यह भी जानें
-गाल ब्लेडर में पथरी है तो यह दवा से नहीं गलती। लंबे समय तक इसकी अनदेखी कर तकलीफ को न बढ़ाएं।
-जिन्हें पथरी की शिकायत है वे तेल मसाले का सेवन कम करें।
-हमेशा स्वच्छ खाना खाएं, साफ पानी पिएं। हाथ को कुछ समय के अंतराल में धुलते रहें।
-खाने के साथ या सुबह शाम नाश्ते के समय सलाद जरूर खाएं।
-गाल ब्लेडर में पथरी के आपरेशन में गाल ब्लेडर को निकाल देते हैं फिर समय के साथ सब नार्मल हो जाता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।