यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 08, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पिता के डांटने पर नहीं बल्कि मां के उकसाने पर की थी पिता की हत्या
पढ़ाई को लेकर पिता ने कड़ी फटकार लगाई, आरोप है कि इसी दौरान अनीता ने उकसाया तो पुत्र ने सिपाही के माथे पर गोली मार दी।

इलाहाबाद (जागरण संवाददाता)। भदोही में तैनात रहे सिपाही मोतीलाल पाल की हत्या में नया मोड़ आ गया है। पुलिस को जांच में पता चला है कि पत्नी अनीता के उकसाने पर ही बेटे ने गोली मारकर हत्या की। जबकि रविवार को हाईस्कूल में पढ़ने वाले बेटे ने स्वीकार किया था कि पिता ने पढ़ाई को लेकर फटकार लगाई थी, इसलिए उसने कत्ल किया है।
फिलहाल पुलिस ने पिता राम प्रसाद की तहरीर पर पत्नी अनीता व बेटे प्रिंस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। सीओ सिविल लाइंस श्रीशचंद्र ने बताया कि मोतीलाल ने अनीता से कई साल पहले प्रेम विवाह किया था। अनीता भी कौशांबी की रहने वाली थी। वह नहीं चाहती थी कि मोतीलाल अपने घरवालों से संबंध रखे। इसी बात को लेकर अक्सर उनके बीच झगड़ा होता था।
शनिवार को जब वह छुट्टी पर आया तो पत्नी से विवाद हुआ। तब बेटे ने विरोध किया तो उसे भी पढ़ाई को लेकर कड़ी फटकार लगाई। आरोप है कि इसी दौरान अनीता ने उकसाया तो पुत्र ने सिपाही के माथे पर गोली मार दी। हैरानी की बात यह भी कि गोली लगने के बाद मोतीलाल जमीन पर पड़ा तड़पता रहा, लेकिन निर्दयी पत्नी व बेटे ने मरने के लिए छोड़ दिया। इसके बाद सभी लोग घर में मौजूद थे, पर किसी ने पुलिस को सूचना नहीं दी।
वहीं सोमवार को हुए शव के पोस्टमार्टम से पता चला है कि सिपाही के माथे पर एक गोली मारी गई थी, जो डॉक्टरों को मिली है। गोली पिस्टल की बताई जा रही है, जबकि घर से तमंचा मिला है। फिलहाल इंस्पेक्टर धूमनगंज अरुण त्यागी ने बताया कि असलहा कहां से आया, इसके बारे में पता लगाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: बहन को हुई देरी तो रक्षाबंधन के दिन फंदे पर लटक गया भाई
घटना से हर कोई स्तब्ध: सोमवार दोपहर बाद पोस्टमार्टम हाउस से शव टीपी नगर स्थित घर ले जाया गया तो मोहल्ले में मातम छा गया। इस घटना पर हर कोई हैरत जताते हुए स्तब्ध हो गया। आसपास के लोगों का यही कहना था कि लगभग सभी के परिवार में छोटी-छोटी बात को लेकर झगड़ा होता है, लेकिन कोई कत्ल कर देगा, इसका अंदाजा नहीं था।
