डायरिया रोगियों को रिएक्ट कर रहा आरएल, प्रयागराज में काल्विन अस्पताल ने रोका इस्तेमाल
डायरिया रोगियों को दिया जाने वाला आरएल (रिंगर लेक्टेड) रिएक्ट कर रहा है। तमाम रोगियों में इससे कंपकपी छूटने की शिकायतें हैं।। शुक्रवार को मोतीलाल नेहरू मंडलीय चिकित्सालय यानी काल्विन अस्पताल में इससे एक रोगी की भी तबियत अचानक बिगड़ गई।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। डायरिया रोगियों को दिया जाने वाला आरएल (रिंगर लेक्टेड) रिएक्ट कर रहा है। तमाम रोगियों में इससे कंपकपी छूटने की शिकायतें हैं।। शुक्रवार को मोतीलाल नेहरू मंडलीय चिकित्सालय यानी काल्विन अस्पताल में इससे एक रोगी की भी तबियत अचानक बिगड़ गई। जानकारी होने पर काल्विन अस्पताल प्रशासन ने आरएल का उपयोग रोक दिया है। इसकी सूचना मुख्य चिकित्साधिकारी के केंद्रीय दवा भंडार में दी गई है।
डायरिया रोगियों को ड्रिप के साथ दी जाती है आरएल
गर्मी के दिनों में लोगों को डायरिया अधिक होता है। शरीर में पानी की अत्यधिक कमी होने पर लोगों को ड्रिप के साथ जरूरत पड़ने पर आरएल भी दिया जाता है। इससे शरीर में सोडियम क्लोराइड व इलेक्ट्रोलाइट की मात्रा संतुलित होती है। अस्पतालों को यह दवा मुख्य चिकित्साधिकारी के केंद्रीय दवा भंडार से प्राप्त होती है। काल्विन अस्पताल में लोगों को आरएल दिए जाने पर लगातार विपरीत असर हो रहा है। मेल वार्ड में रोगी को आरएल देने के कुछ ही समय बाद तबीयत बिगड़ी तो तीमारदारों ने नाराजगी जताई। वार्ड के कर्मचारियों से कहासुनी भी होने लगी। हंगामा बढ़ने पर मामला प्रमुख चिकित्साधीक्षक तक पहुंच गया। थोड़ी देर में हंगामा शांत हो गया।
प्रमुख चिकित्साधीक्षक डा. इंदु कनौजिया ने बताया कि आरएल में कुछ गड़बड़ी लग रही है। एक महीने से लगातार लोगों को यह रिएक्ट कर रहा है। इसका उपयोग रोक दिया गया है। सीएमओ के दवा भंडार में जानकारी दी गई है। आकस्मिक इस्तेमाल के लिए आरएल को स्थानीय स्तर पर खरीदा गया है।
आक्सीजन सिलेंडर का फ्लो मीटर टूटा
काल्विन अस्पताल के मेल वार्ड में ही शुक्रवार को एक और हंगामा हुआ। डायरिया के एक रोगी को सुबह डिस्चार्ज किया जा चुका था लेकिन उसके तीमारदार ने कहा कि तबीयत अभी ठीक नहीं है। उसके जोर दबाव के चलते वार्ड स्टाफ ने रोगी को आक्सीजन देने के लिए सिलेंडर मंगाया। रोगी को आक्सीजन देने की प्रक्रिया चल ही रही थी कि तीमारदार ने फिर हंगामा करना शुरू कर दिया। आक्सीजन का फ्लो तेज करने के लिए कहा। उसके हंगामे के चलते वहां भीड़ लग गई और सिलेंडर गिर पड़ा जिससे सिलेंडर का फ्लो मीटर मीटर टूट गया। हंगामे की जानकारी वार्ड स्टाफ ने पुलिस कंट्रोल रूम के 112 नंबर पर दी। कुछ ही देर में वहां पुलिस कर्मी पहुंच गए लेकिन उससे पहले ही तीमारदार, अपने रोगी को लेकर वहां से रफूचक्कर हो गया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।