यात्रियों के सफर को और आरामदायक बनाने पर है रेलवे का जोर, कोहरे में सुरक्षित संचालन को लगी खास डिवाइस
उत्तर मध्य रेलवे ने यात्रियों का सफर और आरामदायक बनाने के लिए कई काम किए। चार स्टेशनों पर वीडियो आधारित सर्विलांस प्रणाली लगाई गई। कोहरे में सुरक्षित संचालन के लिए फॉगसेफ डिवाइस लगाई गई है। महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी ने यात्रियों के सफर को और आरामदायक बनाने पर बल दिया।
प्रयागराज, जेएनएन। उत्तर मध्य रेलवे ने यात्रियों का सफर और आरामदायक बनाने के लिए कई काम किए। चार स्टेशनों पर वीडियो आधारित सर्विलांस प्रणाली लगाई गई। कोहरे में सुरक्षित संचालन के लिए शत-प्रतिशत फॉगसेफ डिवाइस लगाई गई है। महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी ने ट्रेनों के सुरक्षित संचालन और यात्रियों के सफर को और आरामदायक बनाने पर बल दिया।
रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता से यात्रियों को राहत
35 मानवयुक्त लेवल क्रॉसिंग हटाई, सात लेवल क्रॉसिंग गेटों की इंटरलॉकिंग की, तीन आरओबी और नौ आरयूबी का निर्माण, 35 गेटों पर स्लाइडिंग बूम, 20 लेवल क्रॉसिंग गेट पर इलेक्ट्रिक लिफ्टिंग बैरियर और 105 गेटों पर गेटमैन और स्टेशन मास्टर के बीच सुरक्षित संचार माध्यम शुरू कराया गया। इसके अलावा 21 स्टेशनों पर डाटा लॉगर लगाया गया। रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता से यात्रियों को राहत मिली। आरपीएफ ने 83 आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की। 18 लाख कीमत की अवैध दवाएं व 28 आरोपित पकड़े। टिकट की दलाली करने वाले रैकेट में शामिल 113 लोगों को पकड़ा। 818 अनधिकृत विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई।
कोहरे में ट्रेनों का संचालन प्रभावित
प्रयागराज में कोहरे की वजह से ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो रहा है। शुक्रवार को वंदे भारत और प्रयागराज एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें देरी से आईं। 02436 नई दिल्ली-वाराणसी वंदेभारत अपने निर्धारित समय से डेढ घंटे देरी से आई। 02418 नई दिल्ली-प्रयागराज जंक्शन प्रयागराज एक्सप्रेस पौने तीन घंटे, 02276 नई दिल्ली-प्रयागराज हमसफर स्पेशल साढ़े तीन घंटे, 02582 नई दिल्ली-मंडुवाडीह सुपरफास्ट फेस्टिवल स्पेशल करीब साढ़े चार घंटे, 05956 दिल्ली-डिब्रूगढ़ ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस चार घंटे और 02802 नई दिल्ली-इस्लामपुर पुरुषोत्तम स्पेशल करीब तीन घंटे देरी से प्रयागराज जंक्शन पहुंची।