विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 28, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मदद मांगने आई युवती का किया यौन शोषण, CWC के पूर्व अध्यक्ष की तलाश में प्रयागराज पुलिस

By Ankur TripathiEdited By:
Published: Thu, 28 Oct 2021 12:24 PM (IST)

युवती का कहना है कि कुछ महीने पहले वह सीडब्लूसी के तत्कालीन अध्यक्ष कमलेश से मिली तो वह उसे बातों ...और पढ़ें

पुलिस मुकदमा लिखकर फरार आरोपित कमलेश को खोज रही है।
पुलिस मुकदमा लिखकर फरार आरोपित कमलेश को खोज रही है।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। बच्चों के कल्याण के लिए गठित बाल कल्याण समिति (CWC) के पूर्व अध्यक्ष कमलेश सिंह पर एक युवती के यौन शोषण का आरोप लगने के बाद कोतवाली पुलिस मुकदमा लिखकर उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है। आरोप है कि यह युवती पति से अलगाव के बाद अपनी बेटी को पाने के लिए समिति के पूर्व अध्यक्ष के पास सहायता के लिए पहुंची तभी उसे झांसा देकर अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पुलिस मुकदमा लिखकर फरार आरोपित कमलेश को खोज रही है।

भरोसे में लेकर शुरू किया उत्पीड़न

कमलेश सिंह बाल कल्याण समिति के कुछ महीने पहले तक अध्यक्ष रहे हैं। मूल रूप से हंडिया निवासी कमलेश का हाल पता झूंसी बताया गया है। सीडब्लूडी का दफ्तर राजकीय बाल सुधार गृह परिसर में है। दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली युवती कौशांबी जनपद की रहने वाली है। युवती ने बताया कि उसका अपने पति से विवाद हो गया था। पति छह साल की बेटी को लेकर अलग रहने लगा। उसने बेटी को पति के कब्जे से छुडा़कर अपने पास लाने की कोशिश की तो उसे सलाह दी गई कि वह सीडब्लूसी यानी बाल कल्याण समिति के सामने अपनी समस्या रखे तो जरूर कुछ हो सकता है। युवती का कहना है कि कुछ महीने पहले वह शहर आकर सीडब्लूसी के तत्कालीन अध्यक्ष कमलेश से मिली तो वह उसे बातों में उलझाकर यौन उत्पीड़न करने लगे। उसे पति से बेटी वापस दिलाने और मुकदमे का पूरा खर्च भी उठाने का भरोसा देकर शहर में अलग-अलग जगह पर कमरों में ले जाकर शारीरिक शोषण किया।

मनमानी करने के बाद धमकाने भी लगे

युवती ने पुलिस को बताया कि कमलेश उसे शहर के जार्जटाउन, दारागंज चुंगी, सिविल लाइंस इलाके में कमरों में ले गए। आखिर में बहादुरगंज मोहल्ले में एक मकान में ठहराकर नियमित तौर पर आने लगे। मनमानी करने के बाद कमलेश दूरी बनाने लगे और उन्हें बेटी वापस नहीं दिलाई तो वह उन्हें फोन करने लगी। कमलेश उसे फोन पर धमकी देने लगे। आखिरकार निराश होकर युवती ने कोतवाली जाकर शिकायत की जिसके बाद पुलिस ने कमलेश के खिलाफ नामजद एफआइआर लिखी। कोतवाली पुलिस ने युवती का बयान दर्ज करने के साथ ही उसका मेडिकल टेस्ट कराया। आरोपित कमलेश की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। उन्हें पहले भी एक बार सस्पेंड किया जा चुका है।