हनुमानगंज (प्रयागराज), संसू। फेसबुक पर दोस्ती के बाद युवती को उतरांव लाकर सामूहिक दुष्कर्म के मुकदमे का एक वांछित अभियुक्त डेढ़ वर्ष तक फरारी काटने के बाद पुलिस की गिरफ्त में आया है। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया है। सराय इनायत थानाध्यक्ष अरविंद राय ने बताया कि प्रतापगढ़ जनपद की रहने वाली नाबालिग लड़की लखनऊ में रहकर पढ़ाई करती थी। उसकी दोस्ती फेसबुक पर उतरांव में पौड़न गांव निवासी पवन यादव से हुई थी। वे दोनों एक-दूसरे का मोबाइल नंबर लेकर वाट्सएप के जरिए बात करने लगे।

कोल्ड ड्रिंक में नशीली दवा मिलाकर पिलाने के बाद किया वारदात

आरोप है कि 19 मई 2021 को पवन ने किशोरी को प्रयागराज में सिविल लाइंस इलाके में मिलने के लिए बुलाया। वहां से रात में तीन साथियों संग किशोरी को हनुमानगंज ले गया। लड़की को कोल्ड ड्रिंक में नशीली दवा मिलाकर पिलाने के बाद अपने गांव के बगल के खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया। होश में आने पर पीड़ित लड़की लखनऊ लौट गई।

तीन आरोपितों की हो चुकी है गिरफ्तारी

एक जुलाई 2021 को पीड़िता ने सरायइनायत थाने में पवन यादव सहित उसके तीन अज्ञात साथियों के विरुद्ध दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई। थानाध्यक्ष सरायइनायत अरविंद कुमार राय ने बताया कि किशोरी ने मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान में भी अपने आरोप को कलमबंद कराया था। तीन अभियुक्तों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। आरोपित श्रवण कुमार यादव निवासी बीकापुर गांव एफआइआर के बाद से फरार था। उसे भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

किसान को मार डाला, खेत में मिली लाश

गंगानगर के हेतापट्टी गांव में रहने वाले 50 वर्षीय किसान साधु राम की पीटने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी गई। उसकी लाश खेत में मिलने पर पुलिस ने छानबीन शुरू की। फिलहाल कातिलों को पकड़ा नहीं जा सका है। हेतापट्टी गांव निवासी 50 वर्षीय साधु राम यादव अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। न कोई भाई और न बहन। उसने शादी भी नहीं की थी। पिता बृजलाल यादव का बीस साल पहले निधन हो गया था जबकि मां गुलाबो देवी पांच साल पहले गुजर गई। तब से साधु राम दो कमरे के मकान में अकेले ही जीवन यापन कर रहा था।

इधर, कुछ समय से वह चचेरे भाई घनश्याम यादव के घर पर भोजन करता था। सुबह घर से तकरीबन पांच सौ मीटर दूर बगीचे के बगल खेत में साधुराम को मृत पड़ा देख लोग सन्न रह गए। खबर फैली तो ग्रामीणों की भीड़ लगी। कुछ देर में थरवई थानाध्यक्ष राजीव श्रीवास्तव भी आ गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शरीर पर कुछ और हल्की चोट थी। अनुमान है कि साधु राम को गला दबाकर मारा गया है। शव के पास लोटा और टार्च पड़ा मिला जिससे पुलिस का कहना है कि रात में वह शौच के लिए गया था तभी हमला किया गया। यह भी पता चला कि उसे आखिरी बार रात 10 बजे घर के निकट दुकान पर देखा गया था।

Edited By: Pragati Chand