Prayagraj: राहुल गांधी के बयान पर भड़के तीर्थपुरोहित, फूंका पुतला और दी चेतावनी, कहा- तत्काल माफी मांगे
भारत जोड़ो यात्रा पर निकले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा दिए गए बयान पर संगम नगरी प्रयागराज के तीर्थ पुरोहित समाज ने कड़ा विरोध जताया। इसके साथ ही तीर्थ पुरोहितों ने इस मामले पर प्रदर्शन भी किया और राहुल गांधी का पुतला फूंका।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज: भारत जोड़ो यात्रा पर निकले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा दिए गए बयान पर संगम नगरी प्रयागराज के तीर्थ पुरोहित समाज ने कड़ा विरोध जताया। इसके साथ ही तीर्थ पुरोहितों ने इस मामले पर प्रदर्शन भी किया और राहुल गांधी का पुतला फूंका। प्रयागवाल सभा ने राहुल गांधी के उस बयान का कड़ा विरोध जताया जिसमें उन्होंने कहा था कि देश को पुरोहितों की आवश्यकता नहीं है, तपस्वियों की है। ऐसे में देश के अलग अलग हिस्सों से इस बयान पर आपत्ति जताई जा रही है। पुजारियों पर दिए गए विवादित बोल को सनातन धर्म का अपमान बताया जा रहा है।
माफी नहीं मांगी तो बही खाता से नाम काटा जाएगा
आपको बता दें, संगम तट पर सोमवार को तीर्थपुरोहितों ने राहुल गांधी का पुतला फूंककर उनसे तत्काल माफी मांगने की अपील की। कहा कि राहुल माफी नहीं मांगते तो बही खाता से उनके परिवार का नाम काट दिया जाएगा। वहीं पुरोहितों ने कहा कि तपस्वी व पुजारी मे फर्क को जानने की जरूरत राहुल गांधी को है।
परिवार का कर्मकांड नहीं कराने की दी चेतावनी
सभा के अध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल का कहना है कि तीर्थपुरोहित सदियों से गंगा, यमुना, संगम अन्य नदियों के तट पर कर्मकांड करवा रहे हैं। पुरोहित सनातन धर्म की परंपरा को संरक्षित करने का सशक्त माध्यम हैं। संस्कृति व संस्कार तीर्थपुरोहितों के जरिए ही जन-जन तक पहुंचता है। राहुल गांधी ने अनर्गल बयान देकर उनका अपमान किया है। जो किसी तीर्थपुरोहित को स्वीकार नहीं है। राजेश तिवारी ने कहा कि राहुल अविलंब माफी मांगें अन्यथा उनके परिवार का कर्मकांड नहीं कराया जाएगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।