Prayagraj Honor Killing: जिस बेटी के लिए मां विंध्यवासिनी से मानी मनौती, उसे गोली मारकर अब पछतावा
सुनील ने पुलिस के सामने कहा कि वह जितना अपनी बेटी से प्यार करता था बेटी भी उतना ही मानती थी। उसकी एक आवाज पर दौड़कर आती थी। सुनील कभी घर से बाहर जाता तो बेटी पानी का गिलास लेकर आ जाती थी और कपड़ों पर आयरन भी करती थी

प्रयागराज, जेएनएन। नैनी इलाके में आनर किलिंग की घटना के बाद ढाबा संचालक सुनील का पुत्री के प्रति अगाध प्रेम भी दिखाई दिया। वजह भी ऐसी है कि उसे अफसोस होना ही था। इस बारे में जानकर लोग भी बेहद दुखी थे। दरअसल. शादी के बाद ढाबा संचालक सुनील की पत्नी ने एक के बाद एक दो बेटों उत्कर्ष और हर्ष को जन्म दिया था। दोनों थोड़े बड़े भी होने लगे। परिवार वालों ने आपरेशन कराने की सलाह दी, लेकिन उसे एक बेटी की चाहत थी। इसके लिए सुनील और उसका पत्नी ने साल भर मां विंध्यवासिनी की पूजा-अर्चना की। बेटी के जन्म होने पर घर में खुशियां मनाई गई। वह बेटी आयुषी को चार्टेड एकाउंटेंट बनाना चाहता था। इसके चलते आयुषी कामर्स की पढ़ाई कर रही है लेकिन अब इस घटना ने मानो सब कुछ एक झटके में बदल दिया है।
हर बात का ख्याल रखती थी पिता का लेकिन अब ....अफसोस और अफसोस
सुनील ने पूछताछ के दौरान पुलिस के सामने यह भी कहा कि वह जितना अपनी बेटी से प्यार करता था, बेटी भी उतना ही मानती थी। उसकी एक आवाज पर दौड़कर आती थी। सुनील जब भी कभी घर से बाहर जाता तो बेटी पानी का गिलास लेकर आ जाती थी और कपड़ों पर आयरन भी करती थी। जरूरत का सारा सामान बैग में रखती थी। आयुषी भी अपने पिता की पसंद के ही कपड़े पहनती थी। कई बार ऐसा भी होता था कि पत्नी के मना करने पर भी वह बेटी की इच्छाओं को पूरी करता था। मगर बेटी के एक अनैतिक कदम ने पूरे परिवार की खुशियां छीन ली और पिता के अरमानों पर पानी फेर दिया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।