काल्विन में अंधेरे में चली ओपीडी
प्रयागराज मोतीलाल नेहरू मंडलीय चिकित्सालय यानी काल्विन अस्पताल में शुक्रवार को भी यही हाल रहा।

काल्विन में अंधेरे में चली ओपीडी
प्रयागराज : मोतीलाल नेहरू मंडलीय चिकित्सालय यानी काल्विन अस्पताल में शुक्रवार को भी यही हाल रहा। करीब एक घंटे तक बिजली न रहने से लोग बेहाल हो गए। वार्ड में भर्ती रोगियों के तीमारदार कपड़े और गत्ते से हवा करते रहे। महिलाएं, पुरुष, बच्चे पसीने से तरबतर और पैथालाजी में जांच भी प्रभावित रही। कई डाक्टर तो ओपीडी से उठकर रेस्ट रूम में चले गए।
काल्विन अस्पताल को दर्जा तो मंडलीय अस्पताल का है लेकिन इसमें जनसुविधाएं देने में अफसरान दो कदम पीछे हैं। बिजली की समस्या यहां बराबर रहती है। एक पुराने जेनरेटर से काम चलाया जाता है। उसमें भी अक्सर खराबी रहती है। दोपहर में करीब साढ़े बारह बजे अस्पताल में बिजली सप्लाई बाधित हो गई। जो डाक्टर गर्मी के बावजूद ओपीडी में बैठे रहे उन्हें मोबाइल फोन की टार्च की रोशनी में काम चलाना पड़ा। वहीं बैठे एक बुजुर्ग व्यास मुनि मिश्रा ने कहा कि यहां बहुत दिक्कतें हैं, सब गड़बड़ है। अस्पताल की प्रमुख चिकित्साधीक्षक डा. इंदु कनौजिया ने कहा कि ट्रांसफार्मर में कुछ खराबी आ गई थी, प्रत्येक दिन ऐसा नहीं होता। बताया कि बिजली सप्लाई थोड़ी देर ही बाधित रही।
10 घंटे बिना बिजली-पानी के रहे सैकड़ों लोग
एमडी से लेकर मुख्य अभियंता लाइन में गड़बड़ी तत्काल दूर करने के निर्देश दे रहे हैं। लगातार कांबिंग की बात कही जा रही है। बावजूद इसके फाल्ट नहीं रुक रहे हैं। शुक्रवार को करैलाबाग के लाल कालोनी इलाके में करीब 10 घंटे बत्ती गुल रही। करैलाबाग उपकेंद्र के पास 11 हजार की लाइन में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे गड़बड़ी आई। इससे लाल कालोनी समेत आसपास के इलाकों में बिजली गुल हो गई। उमसभरी गर्मी में लोग बेहाल रहे। दो घंटे तक आपूर्ति चालू नहीं हुई तो लोग उपकेंद्र पहुंचने लगे। यहां मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि लाइन में आई गड़बड़ी को दूर करने के लिए कर्मचारी लगे हैं और तीन बजे तक आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। लेकिन, शाम पांच बजे तक भी बिजली चालू नहीं हुई। इससे ट्यूबवेल नहीं चलने से पेयजल संकट भी रहा। रात करीब नौ बजे बिजली आपूर्ति बहाल की गई। लोगों का कहना है कि करैलाबाग क्षेत्र में लंबे समय से बिजली व्यवस्था बेपटरी है। हालात ऐसे हैं कि 24 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा करने वाले अधिकारी 16-17 घंटे भी बिजली ठीक से नहीं दे पा रहे हैं। उधर, तेलियरगंज उपकेंद्र से संबंधित जोंधवल, रसूलाबाद इलाके में शुक्रवार दोपहर करीब दो घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। रसूलाबाद स्थित गैस गोदाम के पास दोपहर 1:30 बजे तार टूटने से यह समस्या खड़ी हुई थी। यहां के लोगों का कहना है कि कई बार यहां तार टूट चुका है, बावजूद इसके इसे नहीं बदला जा रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।