UP MLC Election: इलाहाबाद-कौशांबी में समाजवादी पार्टी ने फिर वासुदेव यादव पर लगाया दांव
विधान परिषद स्थानीय निकाय चुनाव इलाहाबाद-कौशांबी के लिए समाजवादी पार्टी ने एक बार फिर वासुदेव यादव पर भरोसा जताया है। मंगलवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उनके नाम की घोषणा की। वासुदेव यादव वर्तमान में एमएलसी हैं।

प्रयागराज, जेएनएन। विधान परिषद स्थानीय निकाय चुनाव इलाहाबाद-कौशांबी के लिए समाजवादी पार्टी ने एक बार फिर वासुदेव यादव पर भरोसा जताया है। मंगलवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उनके नाम की घोषणा की। वासुदेव यादव वर्तमान में एमएलसी हैं।
सपा और भाजपा उम्मीदवारों के बीच रहेगा सीधा मुकाबला
एमएलसी चुनाव में प्रयागराज व कौशांबी के सांसद, विधायक,महापौर, पार्षद, नगर पालिका व नगर पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य व ग्राम प्रधान मतदान करते हैं। इसलिए अबकी बार का चुनाव काफी तगड़ा होगा क्योंकि प्रयागराज और कौशांबी में सपा के सात विधायक और एक एमएलसी हैं। नगर निकाय और पंचायतों में भी सपा के सदस्यों की संख्या ठीक है। ऐसे में सपा की सीधी लड़ाई भाजपा से ही तय मानी जा रही है। मंगलवार को वासुदेव यादव के नाम की घोषणा हुई तो पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी छा गई।
बुधवार को प्रयागराज में सपा कार्यालय आएंगे वासुदेव
सपा जिलाध्यक्ष योगेश यादव ने बताया कि 16 मार्च को वासुदेव यादव जार्जटाउन स्थित पार्टी कार्यालय पर आएंगे। इसके बाद नामांकन करेंगे। विधानसभा चुनाव की तरह ही सपा विधान परिषद का चुनाव भी पूरी मजबूती से लड़ेगी।
बसपा संस्थापक कांशीराम का मनाया जन्मदिवस
प्रयागराज : बहुजन समाज पार्टी, बामसेफ और डीएस -4 के संस्थापक कांशीराम का 88वां जन्मदिवस मंगलवार को मम्फोर्डगंज स्थित पार्टी के मंडल कार्यालय में मनाया गया। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कांशीराम की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। दिन में करीब 12 बजे से पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटने लगे। कांशीराम के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित की और बीते विधानसभा चुनाव के परिणाम पर मंथन भी किया।जिलाध्यक्ष बाबूलाल भंवरा ने कांशीराम के द्वारा पार्टी और बिरादरी के लोगों के लिए किए गए कार्यों की जानकारी दी। कहाकि कांशीराम के विचारों का प्रचार प्रसार जरूरी है। जन्म दिवस मनाए जाने के दौरान कोरांव और सोरांव विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी ही उपस्थित हुए, प्रयागराज की शेष 10 सीटों के प्रत्याशी इसमें शामिल नहीं हुए। मुख्य सेक्टर प्रभारी अशोक गौतम, राजू गौतम, गुलाब, जगन्नाथ पाल, अभिषेक गौतम आदि शामिल रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।