Indira Marathon 2022: मैराथन विजेता शेर सिंह व सुधा सिंह हैं, 42.195 किमी दूरी तय करने में कितना लगा वक्त
Indira Marathon 2022 पुरुष वर्ग के विजेता शेर सिंह ने 2 घंटा 20 मिनट और 11 सेकेंड में मैराथन पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। महिला वर्ग की विजेता सुधा सिंह ने 2 घंटा 51 मिनट और 44 सेकंड में फिनिशिंग लाइन को पार किया।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। प्रयागराज में 37 वीं अखिल भारतीय प्राइजमनी इंदिरा मैराथन में सेना के धावकों का दबदबा रहा। पुरुष वर्ग में द्वितीय व तृतीय स्थान सेना के धावकों के खाते में गए। महाराष्ट्र में तैनात जयपुर के शेर सिंह विजेता रहे। वह राजस्थान पुलिस में बतौर सब इंस्पेक्टर तैनात हैं। इसके पूर्व वे सात वर्षों तक सेना में तैनात थे। महाराष्ट्र के विक्रम बंगरिया को दूसरा स्थान मिला। ये भी सेना में हैं। वहीं सेना के ही प्रयागराज के अनिल कुमार सिंह तीसरे स्थान पर रहे। अनिल ने 2021 में हुई इंदिरा मैराथन में भी दूसरा स्थान हासिल किया था।
ये हैं 37वीं इंदिरा मैराथन के विजेता : महिला वर्ग में ओलंपियन व पहली बार इंदिरा मैराथन में दौड़ रही रायबरेली की सुधा सिंह चैंपियन बनीं। दूसरे स्थान पर महाराष्ट्र के परबनी जिले की रहने वाली अश्विनी जाधव को दूसरा स्थान मिला। वहीं इंदिरा मैराथन की छह बार की विजेता ज्योति शंकर गावते ने तीसरा स्थान हासिल किया।
2 घंटा 20 मिनट और 11 सेकेंड में शेर सिंह ने मैराथन पूरी कर विजेता बने : पुरुष वर्ग के विजेता शेर सिंह ने 2 घंटा 20 मिनट और 11 सेकेंड में मैराथन पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। द्वितीय विक्रम बंगरिया दो घंटा 21 मिनट 58 सेकंड में मैराथन पूरी की। अनिल कुमार सिंह ने 2 घंटा 23 मिनट और 28 सेकंड की टाइमिंग के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
विजेता सुधा सिंह ने 2 घंटा 51 मिनट 44 सेकंड में दौड़ पूरी की : महिला वर्ग की विजेता सुधा सिंह ने 2 घंटा 51 मिनट और 44 सेकंड में फिनिशिंग लाइन को पार किया। द्वितीय स्थान पर अश्विनी जाधव ने 3 घंटा 1 मिनट और 22 सेकंड में मैराथन की दूरी तय की। वहीं ज्योति शंकर गावते ने 3 घंटा 5 मिनट और 15 सेकंड की टाइमिंग के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में समापन समारोह : आज अपराहन 3 बजे से मदन मोहन मालवीय स्टेडियम खेल मैदान पर समापन समारोह का आयोजन होगा। वहां पर खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव खिलाड़ियों को इनाम राशि व प्रमाण पत्र प्रदान करेंगे।
किसे क्या मिलेगा इनाम : इंदिरा मैराथन के विजेताओं को दो-दो लाख रुपये दिए जाएंगे। उप विजेताओं को एक-एक लाख रुपये तथा तीसरे स्थान पर रहने वाले धावकों को 75-75 हजार रुपये मिलेंगे। दोनों ही वर्गों में चौथे से 14वें स्थान तक रहने वाले 11- 11 खिलाड़ियों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में 10-10 हजार रुपये मिलेंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।