गणतंत्र दिवस पर ढेढि़या नृत्य की प्रस्तुति करने वाले कलाकारों का प्रयागराज में भव्य स्वागत
गणतंत्र दिवस पर दिल्ली के राजपथ पर परेड में प्रयागराज के सुप्रिया डांस ग्रुप के कलाकारों ने ढेढि़या नृत्य की अनूठी प्रस्तुति दी। शुक्रवार की सुबह दिल ...और पढ़ें

प्रयागराज, जेएनएन। शुक्रवार सुबह प्रयागराज जंक्शन पर जब नई दिल्ली से हमसफ़र एक्सप्रेस ट्रेन पहुंची तो माहौल कुछ अलग ही था। और हो भी क्यों न प्रयागराज के वे कलाकार इस ट्रेन से उतरे थे, जिन्होंने दिल्ली में गणतंत्र दिवस की परेड में अपनी प्रस्तुति से अति विशिष्टजनों को प्रभावित किया था। जी हां, यहां बात हो रही है सुप्रिया डांस ग्रुप के कलाकारों की जिन्होंने गणतंत्र दिवस की परेड में परंपरागत लोक नृत्य ढेढि़या की अनूठी प्रस्तुति कर लौटे।
रंगकर्मियों ने प्रयागराज जंक्शन पर कलाकारों का किया स्वागत
सुप्रिया ग्रुप के कलाकारों का प्रयागराज जंक्शन पर स्वागत करने के लिए शहर के वरिष्ठ रंगकर्मी पंकज गौड़, अभिषेक गिरि स्वेतांग मिश्रा आदि मौजूद थे। उन्होंने फूल माला पहनाकर रंगोली तिवारी, तनिष्का जायसवाल, मधुरिमा श्री, अनुश्री दुबे, प्रकृति मौर्या, वर्तिका दुबे, कृत्रिका अग्रवाल, स्नेही शर्मा, सौम्या चंद्रा और प्राची यादव आदि कलाकारों का भव्य स्वागत किया। वरिष्ठ रंगकर्मी पंकज गौड़ ने कहा राजपथ पर प्रयागराज के कलाकारों ने पहली बार प्रस्तुति दी ये गौरव की बात है। उन्होंने सभी कलाकारों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कलाकारों की प्रस्तुति को प्रधानमंत्री ने सराहा
गणतंत्र दिवस की परेड में नई दिल्ली के राजपथ पर प्रयागराज के कलाकारों ने अनूठी प्रस्तुति दी। सुप्रिया डांस ग्रुप ने परंपरागत ढेढि़या लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुति कर वहां मौजूद राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत अन्य विशिष्टजनों का मन मोहा। यहां तक कि प्रधानमंत्री मोदी ने इस प्रस्तुति को अपने ट्विटर हैंडल पर पोस्ट की। चार फोटो उन्होंने पोस्ट की उसमें सुप्रिया डांस ग्रुप की भी फोटो शामिल रही। इससे सुप्रिया ग्रुप की प्रमुख सुप्रिया सिंह रावत आदि ने खुशी जाहिर की है। उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक प्रोफेसर सुरेश शर्मा ने भी इस डांस ग्रुप को बधाई दी है।
वंदे भारतम नृत्य उत्सव में बेहतर प्रदर्शन पर परेड में शामिल किया गया था
उल्लेखनीय है कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में अखिल भारतीय नृत्य प्रतियोगिता 'वंदे भारतम नृत्य उत्सव' में बेतहरीन प्रदर्शन करने पर सुप्रिया डांस ग्रुप का गणतंत्र दिवस की परेड के लिए चयन दिसंबर माह में ही हो गया था। बुधवार को परेड में देश् भर के 480 कलाकारों ने हिस्सा लिया, जिनका संयोजन एनसीजेडसीसी ने किया। निदेशक प्रोफेसर सुरेश शर्मा ने बताया कि यह उनके और प्रयागराज के लिए गर्व की बात है। सभी कलाकार कुल 12 मिनट तक राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के सामने रहे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।