जुलूस में विवाद, डीजे संचालक को मारी गोली
-दोनों पक्षों में हुई

जुलूस में विवाद, डीजे संचालक को मारी गोली
प्रयागराज : घूरपुर बाजार में स्वतंत्रता दिवस पर सोमवार को जुलूस के दौरान मनपसंद गाना न बजाने पर हुए झगड़े में डीजे संचालक को गोली मार दी गई। उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लोगों ने हमलावर को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
स्वतंत्रता दिवस पर घूरपुर बाजार में जुलूस निकाला जा रहा था। उसी समय यहीं का रहने वाला नीरज पहुंचा और डीजे संचालक मनोज पटेल से मनपसंद गाना बजाने को कहने लगा। मनोज ने इन्कार किया तो वह और उसके साथी विवाद करने लगे। देखते-देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसी बीच नीरज ने तमंचे से मनोज को गोली मार दी। पेट में गोली लगते ही मनोज लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। फायरिंग से मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। इसी बीच नीरज वहां से भागा, लेकिन कुछ लोगों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। कुछ ही देर में घूरपुर पुलिस पहुंच गई। नीरज को थाने लाया गया। एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित ने बताया कि आरोपित के पास से तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। मनोज की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। उनका कहना है कि जांच में कुछ बातें सामने आईं हैं, जिसमें दोनों के बीच पहले से कोई विवाद था। जिस कारण नीरज ने पहले से ही उस पर हमले की साजिश रची थी। हालांकि, जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट तौर पर कुछ कहा जा सकता है।
अधेड़ महिला पर चाकू से हमला, अस्पताल में भर्ती
संसू सोरांव : बढ़इया गांव में रहने वाली 50 वर्षीय कामली देवी पर कुछ लोगों ने घर में घुसकर चाकू से हमला कर दिया। जख्मी महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमला किसने और क्यों किया, इसका पता नहीं चल सका है।
बताया गया कि सोरांव थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे बसे बढ़इया गांव में कमली सोमवार रात अपने घर के बाहर सो रही थी। इसी दौरान वहां पहुंचे कुछ युवकों ने महिला पर चाकू से हमला कर दिया। चीख-पुकार सुन ग्रामीण मदद को दौड़े तो हमलावर भाग निकले। मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने ग्रामीणों की मदद से महिला को जख्मी कमली को अस्पताल में भर्ती करवाया। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि महिला के पांच बेटे हैं, लेकिन सभी मजदूरी करने के लिए गांव से बाहर गए हैं। महिला पर हुए हमले को लेकर गांव वालों में खौफ छाने लगा है। करीब 15 दिन पहले जूड़ापुर दांंदू गांव में दंपती की हत्या की गई थी। हालांकि इंस्पेक्टर सोरांव अशोक कुमार का कहना है कि मामले में अभी लिखित शिकायत नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।