Coronavirus Pratapagarh News: उद्योग नगरी एक्सप्रेस में मिला एक यात्री संक्रमित, जांच के डर से स्टेशन से भाग निकले 11 यात्री
सीएमओ डॉ. एके श्रीवास्तव ने बताया कि मुंबई से आने वाली ट्रेन से आने वाले यात्रियों की जांच के लिए स्टेशन पर रोस्टर के अनुसार मेडिकल टीम लगाई जा रही हैं। जो यात्री संक्रमित मिला उसे कोविड एल-2 अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रयागराज, जेएनएन। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में कोरोना वायरस का संक्रमण पिछली बार दिल्ली से जिले में आया था। इस बार लगता है कि मुंबई से संक्रमण का तूफान आएगा। इसको लेकर शासन व जिला प्रशासन चौकन्ना हो गया है। सोमवार की रात मुंबई से आई ट्रेन में सवार यात्रियों की कोरोना जांच की गई, जिसमें एक यात्री में संक्रमण मिला।
रेलवे स्टेशन पर ही हो रही यात्रियों की जांच
रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की कोरोना के लिहाज से जांच फिर शुरू हो गई है। अभी फोकस उन गाडिय़ों पर है, जो मुंबई से आ रही हैं। सोमवार की रात उद्योग नगरी एक्सप्रेस प्रतापगढ़ जंक्शन पर आई। इसका आने का समय शाम को 07:35 बजे का है, पर यह रात में 12:50 बजे आई। आने के पहले ही सीएमओ डॉ. एके श्रीवास्तव की देखरेख में मेडिकल टीम तैयार थी। पुलिस भी लगी थी। रेल कर्मी भी तैनात किए गए थे। यात्रियों की जांच शुरू की गई। 170 यात्री उसमें से उतरे, लेकिन 159 की ही जांच हो सकी। यानी 11 यात्री जांच से बचने के लिए इधर-उधर से भाग निकले।
भाग निकले यात्रियों के बारे में जानकारी कर होगी जांच
स्टेशन अधीक्षक त्रिभुवन मिश्र ने बताया कि भाग निकले यात्रियों की खोजबीन की जा रही है। रिजर्वेशन चार्ट से उनका पता लगाने में रेलकर्मी लगाए गए हैं। बहरहाल जो जांच हुई उसमें एक यात्री में कोरोना का संक्रमण पाया गया। सीएमओ डॉ. एके श्रीवास्तव ने बताया कि मुंबई से आने वाली ट्रेन से आने वाले यात्रियों की जांच के लिए स्टेशन पर रोस्टर के अनुसार मेडिकल टीम लगाई जा रही हैं। जो यात्री संक्रमित मिला, उसे कोविड एल-2 अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आज भी आएगी दो ट्रेन
मुंबई से यात्रियों को लेकर दो ट्रेन बुधवार को भी आएंगी। इनमें से एक उद्योग नगरी व दूसरी छपरा एक्सप्रेस है। इनके यात्रियों की भी जांच की जाएगी। स्वास्थ्य व रेल महकमे द्वारा इसकी तैयारी की जा चुकी है।
जहाज से आई महिला पॉजिटिव
मुंबई से जहाज के जरिए अपने घर प्रतापगढ़ आई एक महिला को कोरोना हो गया है। वह सोमवार को बमरौली एयरपोर्ट प्रयागराज में उतरी। अपने पति के साथ टैक्सी करके अपने घर मंगरौरा जाने लगी। इस बीच सीएमओ को एयरपोर्ट से सूचना मिली कि वह महिला संक्रमित है, उसे घर न जाने दिया जाए। इस मैसेज पर सक्रिय हुई मेडिकल टीम ने महिला को कोविड अस्पताल में भर्ती करा दिया। सीएमओ डॉ. एके श्रीवास्तव ने बताया कि टैक्सी चालक व महिला के पति की भी जांच कराई गई। राहत वाली बात यह रही कि वह दोनों सही मिले।