राजकीय यूनानी मेडिकल कॉलेज में डेंटल यूनिट शुरू, कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने किया शुभारंभ
हिम्मतगंज स्थित राजकीय यूनानी मेडिकल कॉलेज में डेंटल यूनिट (दंत चिकित्सा इकाई) स्थापित की गई। इसका उद्घाटन कैबिनेट मंंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने किया। उन्होंने लोगों से कहा कि प्रदेश सरकार चिकित्सा सेवाओं को सशक्त बनाने में जुटी है। इसी कड़ी में डेंटल यूनिट की शुरुआत की गई है

प्रयागराज, जेएनएन। संगमनगरी में अब यूनानी चिकित्सा पद्धति से भी दंत रोग का इलाज संभव होगा। शुक्रवार को हिम्मतगंज स्थित राजकीय यूनानी मेडिकल कॉलेज में डेंटल यूनिट (दंत चिकित्सा इकाई) स्थापित की गई। इसका उद्घाटन कैबिनेट मंंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने किया। उन्होंने लोगों से कहा कि प्रदेश सरकार चिकित्सा सेवाओं को सशक्त बनाने में जुटी है। इसी कड़ी में राजकीय यूनानी मेडिकल कॉलेज में डेंटल यूनिट की शुरुआत की गई है। इसके अतिरिक्त जगह जगह आक्सीजन प्लांट लगाने व अन्य स्वास्थ्य सेवाओं को भी बेहतर किया जा रहा है। इस मौके पर राजकीय यूनानी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनवार अहमद ने कहा कि प्रदेश में दो राजकीय यूनानी मेडिकल कॉलेज हैं। एक लखनऊ में दूसरा प्रयागराज में। यह डेंटल यूनिट प्रदेश की पहली यूनिट होगी। इस मौके पर पवन श्रीवास्तव, प्रेम नारायण केसरवानी, पार्षद अखिलेश सिंह, संजय कुशवाहा, आभा सिंह, दीना नाथ कुशवाहा, डॉ. प्रेमलता श्रीवास्तव आदि मौजूद रहीं।
बोले मंत्री, अब कहीं भी माफिया का राज नहीं
इससे पहले कैबिनेट मंत्री ने सरस्वती शिशु मंदिर राजरूपपुर में बैठक कर अपने कार्य गिनाए। कहा, भगवतपुर में विकासखंड भवन बनाने के साथ 100 बेड का अस्पताल, गांजा में ऊन प्रोसेसिंग यूनिट की नींव रखने के साथ ही सभी गांवों को मुख्य सड़क से जोड़ा गया। क्षेत्र में अब कहीं भी माफिया का राज नहीं है। इसी क्रम में कैबिनेट मंत्री ने चौफटका के पास हनुमान मंदिर में दर्शन किया। वहां रुद्राक्ष का पौधा भी लगाया।
इंसानियत बनाम नफरत का होगा चुनाव
कैबिनेट मंत्री ने शहर पश्चिमी में अपने संबोधन में कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव इंसानियत बनाम नफरत का होगा। अतीक अहमद ने शहर पश्चिमी में इंसानियत को तार तार कर रखा था। मैं शहर पश्चिमी में इंसानियत का संदेश लेकर आया। विकास के साथ लोगों के दिलों की दूरियां कम करने का प्रयास कर रहा हूं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।