प्रतापगढ़ में बैंक के एजेंट से 82700 रुपये की लूट, तमंचा सटाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया
प्रतापगढ़ में कुंडा थाना क्षेत्र के बलीपुर निवासी युवक बंधन बैंक के पट्टी शाखा में एजेंट है। शुक्रवार को वह वसूली करके गौहानी सदहा मार्ग होकर पट्टी की ओर बाइक से आ रहा था। युवक बाइक को बदमाशों ने ओवरटेक करके रोक लिया। तमंचे के जोर पर उसे लूट लिया।

प्रयागराज, जेएनएन। यूपी के प्रतापगढ़ जनपद में शुक्रवार को बैंक के एजेंट को लूट लिया गया। वह ग्रामीण समूह से वसूली करके बाइक से लौट रहा था। बाइक सवार बदमाशों ने कुंडा के गौहानी गांव के पास तमंचे के जोर पर उसे लूट लिया। भुक्तभोगी के मुताबिक उसके पास 82700 रुपये थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों का पता लगाने का प्रयास तो किया लेकिन फरार लुटेरे हाथ नहीं आए।
कुंडा थाना क्षेत्र के बलीपुर निवासी दुर्गेश प्रताप सिंह पुत्र बृजेंद्र प्रताप सिंह बंधन बैंक के पट्टी शाखा में एजेंट है। शुक्रवार को वह देवसरा क्षेत्र के डाही, दफरा व अमरगढ़ गांव में समूह की महिलाओं से रुपये वसूलने गया था। वसूली करके वह गौहानी सदहा मार्ग होकर पट्टी की ओर बाइक से आ रहा था। दोपहर लगभग दो बजे दुर्गेश की बाइक को दूसरी बाइक पर सवार बदमाशों ने गौहानी गांव के समीप ओवरटेक करके रोक लिया।
दो बदमाश अपने मुंह पर लाल गमछा बांधे थे। जब तक दुर्गेश कुछ समझ पाता, बदमाशों ने उसे तमंचा सटा दिया। इसके बाद दुर्गेश के पास से बैग छीन कर विपरीत रास्ते की ओर वापस भाग गए। जब बदमाश फरार हो गए तो दुर्गेश चीखने-चिल्लाने लगा। आसपास के लोग वहां पहुंचे। भुक्तभोगी ने डायल 112 को सूचना दी। डायल 112 पुलिस के साथ ही थानाध्यक्ष देवसरा सुनील कुमार सिंह व थानाध्यक्ष पट्टी नरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और घटना के संबंध में पूछताछ की। कांबिंग भी की गई लेकिन बदमाश पकड़ में नहीं आए। बाद में पुलिस दुर्गेश को लेकर कोतवाली चली गई।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।