अलीगढ़ को मिलेगी नई पहचान, 18 नवंबर को लोकार्पित होगा वेलकम-टू-अलीगढ़ कॉरिडोर
अलीगढ़ में 72.23 करोड़ रुपये की लागत से बना 'वेलकम-टू-अलीगढ़ कॉरिडोर' 18 नवंबर को लोकार्पित होगा, जिसमें भव्य द्वार और सड़क चौड़ीकरण शामिल है।

भुकरावली के पास बने वेलकम टू अलीगढ़ स्वागत द्वार व सड़क निर्माण का निरीक्षण करते नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा व अन्य। सौ. नगर निगम
HighLights
72.23 करोड़ रुपये की लागत से बना कॉरिडोर 18 नवंबर को लोकार्पित।
भव्य स्वागत द्वार और 7 किलोमीटर सड़क का निर्माण व चौड़ीकरण।
अलीगढ़ के विकास, विरासत और विश्वास की नई पहचान बनेगा।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। नगर निगम भुकरावली में 2.23 करोड़ रुपये की लागत से भव्य स्वागत द्वार ‘वेलकम टू अलीगढ़’ का निर्माण करा रहा है। शहर के विकास, विरासत व विश्वास की नई पहचान वेलकम-टू-अलीगढ़ कॉरिडोर के रूप में सामने आएगा। यह कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
वहीं, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत सूतमिल चौराहा से नादा पुल तक करीब 2.2 किलोमीटर लंबी और सूतमिल चौराहा से भुकरावली तक लगभग 4.7 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण व चौड़ीकरण कराया जा रहा है। 72.23 करोड़ रुपये की लागत से दोनों परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। शुक्रवार को नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने दोनों प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया।
सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरों से लैस
नगर आयुक्त ने बताया कि वेलकम टू अलीगढ़ कॉरिडोर को सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है। हैबिटेट सेंटर में बने इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आइसीसीसी) में स्वागत द्वार से होने वाले प्रवेश पर निगरानी भी रखी जाएगी। सुरक्षित व सुगम यायतात के लिए स्वागत द्वार के पास पुलिस चौकी का निर्माण भी कराया जा रहा है।
कहा कि शहर में प्रवेश करने वाले नागरिकों एवं आगंतुकों को अलीगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, आधुनिक विकास और सौंदर्यपूर्ण नगरीय स्वरूप का एहसास कराने के उद्देश्य से इस परियोजना के तहत काम कराए जा रहे हैं।
इस भव्य प्रवेश द्वार के साथ आकर्षक लाइटिंग, पौधारोपण, ट्री-गार्ड, सजावटी गमले, ग्रीन बेल्ट, सेल्फी प्वाइंट, कलात्मक कलाकृतियां (म्यूरल्स), मूर्तियां, बैठने की व्यवस्था एवं आधुनिक लैंडस्केपिंग सहित विभिन्न जनसुविधाओं व विश्वस्तरीय सड़कों का विकास किया गया है। 18 नवंबर को स्वागत द्वार व सड़क के कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।