अलीगढ़ में सफाई कर्मचारियों को बांटी खराब मिठाई, कूड़ा गाड़ी में भरकर लाए थे डिब्बे; जमकर हंगामा
अलीगढ़ में दीपावली पर सफाई कर्मचारियों को अर्बन कंपनी द्वारा बांटी गई मिठाई खराब निकली, जिससे कर्मचारियों ने जमकर हंगामा ...और पढ़ें

सफाई कर्मचारियों द्वारा फेंकी गई मिठाई।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। दीपावली की मिठाई, कूड़ा उठान करने वाली कंपनी व सफाई कर्मचारियों के बीच रार का कारण बन गई। शहर में घर-घर कूड़ा उठान करने का काम अर्बन एनवायरोटेक सर्विसेज कंपनी की ओर से कूड़ा उठान करने वाले कर्मचारियों को दीपावली पर मिठाई के डिब्बे दिए। मगर कई डिब्बों में खराब मिठाई निकली। इस पर सफाई कर्मचारियों ने अर्बन कंपनी के हैबिटेट सेंटर स्थित कार्यालय पर हंगामा किया।
मिठाई फर्श पर फेंक दी। आरोप यह लगाया कि कूड़ा वाहन में डिब्बे भरकर लाए गए थे। कर्मचारियों ने नगर आयुक्त के आवास पर जाकर भी आक्रोश व्यक्त कर कंपनी की शिकायत की। हंगामे के बाद कर्मचारियों को दूसरी मिठाई उपलब्ध कराई जाएगी।
अर्बन कंपनी ने 1200 कर्मचारियों के लिए मिठाई के डिब्बे दादरी गाजियाबाद स्थित अपने मुख्य कार्यालय से मंगवाए थे। उनमें कुछ डिब्बे एक्सपायरी डेट के निकले। मिष्ठान वितरण के बाद जब सफाई कर्मचारियों ने घर पर डिब्बा खोला तो खराब मिठाई निकली। इस पर त्योहार में खराब मिठाई देने को लेकर कर्मचारियों ने हंगामा कर दिया।
नगर सफाई मजदूर संघ के अध्यक्ष प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाए कि मिठाई खराब होने के साथ कूड़ा वाहन में डिब्बे भरकर लाए गए। ये कर्मचारियों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ है। हैबिटेट सेंटर स्थित कार्यालय पर पहुंचकर डिब्बों में रखी मिठाई फर्श पर फेंक दी। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ। इसके बाद कर्मचारी नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा के आवास पर भी शिकायत करने पहुंचे।
कंपनी के प्रभारी प्रोजेक्ट हेड मोहित तालियान ने बताया कि अलीगढ़ से डंपर भेजा गया था। वो धुला व साफ-सुथरा था और तीन ओर से पालीथिन से कवर्ड था। मगर फिर भी ये चूक हुई कि ये वाहन नहीं भेजना चाहिए था। दादरी में जिस प्रतिष्ठान से मिठाई आई उसने कुछ डिब्बे एक्सपायरी डेट के रख दिए। इसकी आपत्ति जताई गई है और आगे कंपनी इस पर सख्त कदम भी उठाएगी।
मगर अलीगढ़ में सफाई कर्मचारियों के लिए 800 डिब्बे कुंजीलाल स्वीट्स और 400 डिब्बे हल्दीराम स्वीट्स से नए पैक करा लिए गए हैं। दीपावली पर सुबह से इनका वितरण किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।