'शाही मंगनी' के लिए सज रहा राजसी पंडाल, संदीप सिंह की सगाई में अलीगढ़ आएंगे CM योगी; देखें VIDEO
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह की मेघना चौधरी से भव्य सगाई अलीगढ़ में होगी, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह की मेघना चौधरी से सगाई का भव्य समारोह शनिवार को तालानगरी में होगा। रामघाट रोड स्थित संत फिदेलिस स्कूल के बराबर मैदान में होने वाले इस आयोजन की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। सुबह 11 बजे से कार्यक्रम शुरू होगा। समारोह में सगाई के साथ तिलक व रिंग सेरेमनी भी होगी। करीब डेढ़ लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है।
अतिथियों के ठहरने के लिए शहर के कई होटलों में कमरे बुक कराए गए हैं। आयोजन में एक हजार से अधिक वीवीआइपी व बड़ी संख्या में आमंत्रित लोगों के पहुंचने का अनुमान है। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आंनदीबेन पटेल, दोनों उप मुख्यमंत्री समेत अन्य मंत्री, सांसद व विधायक शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें- कौन हैं मेघना चौधरी...बनेंगी राज्यमंत्री संदीप सिंह की दुल्हन, सगाई में अलीगढ़ आएंगे कई दिग्गज
संदीप सिंह की सगाई उनकी स्कूल की दोस्त मेघना चौधरी के साथ होगी। दोनों की पहली मुलाकात अलीगढ़ के दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) में पढ़ाई के दौरान हुई थी। यह परिवार जिले के ही गौंड़ा क्षेत्र का ही मूल निवासी है। फिलहाल गाजियाबाद में रहता हैं। इसी दिन संदीप सिंह के छोटे भाई सौरभ सिंह की भी अंतरा त्यागी के साथ सगाई होगी।

पंडाल को भव्य रूप प्रदान किया जा रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह व एटा के पूर्व सांसद राजवीर सिंह राजू भैया के परिवार में एक ही दिन दो मांगलिक आयोजन होने के चलते समारोह का दायरा काफी बड़ा रखा गया है।
इस कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के भी पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा प्रदेश सरकार के 30 से अधिक कैबिनेट मंत्रियों, 100 से ज्यादा विधायकों व केंद्रीय मंत्रियों समेत एक हजार से अधिक वीवीआइपी मेहमानों के आने का अनुमान है। गायक कैलाश खेर भी समारोह में शामिल हो सकते हैं।
दिल्ली में 26 नवंबर को विवाह
सगाई के बाद संदीप सिंह व मेघना चौधरी का विवाह 26 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित है। यह जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम होंगे। 27 नवंबर को रिसेप्शन का कार्यक्रम भी इसी स्थल पर प्रस्तावित बताया गया है। परिवार की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई प्रमुख नेताओं को विवाह समारोह का निमंत्रण दिया गया है।
यह भी पढ़ें- UP के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह की मंगनी, रूट देखकर ही निकलें; अलीगढ़ में ट्रैफिक प्लान बदला
500 से अधिक गांवों में भेजा निमंत्रण
छर्रा व अतरौली क्षेत्र समेत जिले भर के 500 से अधिक गांवों के लोगों को समारोह का निमंत्रण दिया गया है। करीब 100 बीघा क्षेत्र में पंडाल तैयार किया गया है। इतने बड़े आयोजन में अतिथियों के भोजन व बैठने से लेकर आवागमन तक की व्यापक व्यवस्था की गई है। पार्किंग के लिए कई स्थान बनाए गए हैं।
700 पुलिसकर्मियों के हाथ में सुरक्षा की कमान
वीवीआईपी व बड़ी संख्या में आमंत्रित लोगों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। करीब 700 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। एक दर्जन से अधिक पुलिस अधिकारियों को भी दूसरे जिलों से बुलाया जा रहा है।
आसपास के स्कूलों और खाली स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वीवीआईपी मेहमानों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने के लिए वाहनों की व्यवस्था रहेगी। डीएम अविनाश कुमार, एसएसपी नीरज कुमार जादौन और पुलिस अधिकारी पहले ही स्थल का निरीक्षण कर चुके हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।