कौन हैं मेघना चौधरी...बनेंगी राज्यमंत्री संदीप सिंह की दुल्हन, सगाई में अलीगढ़ आएंगे कई दिग्गज
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह अपनी स्कूल की दोस्त मेघना चौधरी से 14 नवंबर को अलीगढ़ में सगाई करेंगे, जिसके ...और पढ़ें

बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह और उनकी मंगेतर मेघना चौधरी।
जागरण टीम, अलीगढ़। स्कूल के दिनों में शुरू हुई दोस्ती अब जीवनभर के रिश्ते में बदलने जा रही है। बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह अपनी स्कूल की दोस्त मेघना चौधरी के साथ परिणय सूत्र में बंधेंगे। 14 नवंबर को अलीगढ़ के तालानगरी में दोनों की सगाई होगी। समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत प्रदेश सरकार के 20 से अधिक मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई प्रमुख हस्तियों को भी निमंत्रण भेजा गया है। समारोह स्थल पर राजस्थान की पारंपरिक शैली में भव्य मंडप तैयार किया जा रहा है। वहीं, आयोजन स्थल तक पहुंचने के लिए रामघाट रोड पर सड़क निर्माण भी शुरू करा दिया गया है। सगाई समारोह में संदीप सिंह के साथ उनके छोटे भाई सौरभ सिंह भी नई जिंदगी की शुरुआत की ओर कदम बढ़ाएंगे।
सौरभ का रिश्ता अंतरा त्यागी के साथ तय हुआ है। एक ही दिन दोनों भाइयों की सगाई होने से परिवार में दोहरी खुशियों का माहौल है। आयोजन की सजावट, अतिथियों के स्वागत और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। विवाह समारोह 27 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित है। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत अन्य प्रमुख नेता शामिल होंगे।
स्कूल की दोस्ती अब रिश्ते में बदलेगी
संदीप सिंह और मेघना चौधरी की पहली मुलाकात अलीगढ़ के दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) में पढ़ाई के दौरान हुई थी। संदीप सिंह मेघना से सीनियर थे। वर्ष 2012 में 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद संदीप ने स्कूल छोड़ दिया, जबकि मेघना ने आगे की पढ़ाई जारी रखी।
बाद में वह कानून की पढ़ाई के लिए विदेश चली गईं। अलग-अलग राहों पर आगे बढ़ने के बावजूद दोनों के बीच संपर्क बना रहा। अब दोनों परिवारों की सहमति के बाद यह रिश्ता औपचारिक रूप लेने जा रहा है।
तारापुर से जुड़ी हैं मेघना की जड़ें
मेघना चौधरी का परिवार मूल रूप से अलीगढ़ जिले के गौंडा ब्लाक के रुदायन उर्फ तारापुर गांव का रहने वाला है। उनके दादा राधेश्याम चौधरी नौसेना से सेवानिवृत्त हैं। वह अपनी पत्नी सावित्री देवी के साथ गांव में बने मकान में रहते हैं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य लंबे समय से गाजियाबाद में रह रहे हैं। मेघना के पिता अरुण चौधरी ठेकेदारी करते हैं। उनके दो छोटे भाई राकेश व अजय जूतों के कारोबार से जुड़े हैं।
मेघना का एक छोटे भाई करन चौधरी भी हैं। पोती की सगाई की खबर से गांव में रह रहे दादा-दादी बेहद खुश हैं। राधेश्याम चौधरी के अनुसार, परिवार के सदस्य 14 नवंबर को अलीगढ़ में होने वाले समारोह में शामिल होंगे। गांव के कुछ लोग भी उनके साथ कार्यक्रम में पहुंचेंगे। हालांकि, गांव में सगाई या शादी का कोई अलग आयोजन नहीं रखा गया है। परिवार की खुशियों का मुख्य समारोह अलीगढ़ में ही होगा।
प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक को निमंत्रण
परिवार की ओर से सगाई और विवाह समारोह के निमंत्रण वितरित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व बृजेश पाठक को आमंत्रित किया गया है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय कैबिनेट मंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत केंद्र और प्रदेश सरकार के अधिकतर कैबिनेट मंत्रियों तथा अन्य प्रमुख लोगों को भी निमंत्रण भेजे गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं के 14 नवंबर को अलीगढ़ पहुंचने की संभावना है। वहीं, 27 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित विवाह समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत अन्य प्रमुख नेताओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, अभी किसी भी अतिथि के आगमन की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
--
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।