विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह की मंगनी, रूट देखकर ही निकलें; अलीगढ़ में ट्रैफिक प्लान बदला

By Santosh SharmaEdited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 12 Nov 2026 07:21 PM (GMT+05:30)

बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह की सगाई के लिए 14 नवंबर को अलीगढ़ में भव्य समारोह होगा, जिसमें लाखों लोगों ...और पढ़ें

बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह और उनकी मंगेतर मेघना चौधरी

बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह और उनकी मंगेतर मेघना चौधरी

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह और उनके अनुज सौरभ सिंह की सगाई समारोह को लेकर 14 नवंबर को तालानगरी में भव्य आयोजन होगा। तालानगरी स्थित मैदान में बनाए गए पंडाल में होने वाले समारोह में एक हजार से अधिक वीवीआइपी और एक लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना है। मेहमानों के लिए करीब दो लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है।

संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर में व्यापक डायवर्जन लागू किया है। सुबह आठ बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक भारी वाहनों का शहर की ओर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

यातायात पुलिस की ओर से जारी व्यवस्था के तहत कानपुर और एटा की तरफ से आने वाले भारी वाहन पनैठी फ्लाईओवर से आगे शहर की ओर नहीं आ सकेंगे। कमालपुर कट से एटा चुंगी होकर आने वाले भारी वाहनों को हाईवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। आगरा की तरफ से आने वाले वाहन आगरा चैंजर से तथा मथुरा की तरफ से आने वाले भारी वाहन इगलास से डायवर्ट होंगे।

टप्पल और खैर की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को टप्पल, गौमत चौराहा, तहसील तिराहा और तिरंगा तिराहा खैर से वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा।

बुलंदशहर और खुर्जा की तरफ से आने वाले भारी वाहन दौरऊ मोड़ और गभाना से आगे शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। जवां की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को सुमेरा झाल से बरौली-गभाना की ओर भेजा जाएगा। अतरौली से आने वाले भारी और व्यावसायिक वाहनों को अवंतीबाई चौराहे से ही छर्रा, गंगीरी, कासगंज और अन्य वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- कौन हैं मेघना चौधरी...बनेंगी राज्यमंत्री संदीप सिंह की दुल्हन, सगाई में अलीगढ़ आएंगे कई दिग्गज

क्वार्सी से हरदुआगंज तक भी प्रतिबंध

क्वार्सी चौराहे से कार्यक्रम स्थल हरदुआगंज की ओर भारी और व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। महेशपुर तिराहे से वाहनों को छेरत बाईपास की ओर भेजा जाएगा। बहरामगढ़ी बंबा तिराहे से कार्यक्रम स्थल की ओर भारी वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा। बोनेर तिराहे से ओजोन सिटी और एटा चुंगी की ओर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

कयामपुर मोड़ से ओजोन सिटी रोड पर चार पहिया वाहनों को भी प्रवेश नहीं मिलेगा। विजडम गंदा नाला और ओजोन कट के बीच सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।

बसों के लिए बनाए गए अलग नियम

दिल्ली और खुर्जा की ओर से आने वाली रोडवेज, निजी और महानगर बसें भांकरी पुल तक आ सकेंगी। खैर-टप्पल की बसें खैरेश्वर चौराहे तक, आगरा की बसें आगरा पुल के नीचे और मथुरा की बसें मथुरा पुल के नीचे तक आएंगी। एटा-कानपुर की बसें बोनेर तिराहे तक पहुंच सकेंगी।

यहां यात्रियों को उतारने के बाद बसों को बाईपास से गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। नरोरा-रामघाट रोड की बसें हरदुआगंज बंबा और कासिमपुर मोड़ तक, जबकि अनूपशहर-जवां की बसें महेशपुर तिराहे तक आ सकेंगी।

10 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था

कार्यक्रम में आने वाले वाहनों के लिए दस स्थानों पर पार्किंग बनाई गई है। इनमें तालानगरी में किढ़ारा और कौंडरा गांव की ओर सर्विस रोड, ट्राइडेंट स्कूल के पास खाली मैदान, दीनदयाल विकलांग विद्यालय, कलश बैंक्वेट हॉल के सामने और पीछे तथा डीपीएस स्कूल के सामने खाली स्थान शामिल हैं। वीवीआइपी वाहनों की पार्किंग पंडाल के अंदर और वीआइपी वाहनों की पार्किंग कार्यक्रम स्थल के पीछे रहेगी।

वीवीआइपी के आगमन और प्रस्थान के दौरान तालानगरी चौकी से डीपीएस स्कूल तक नो-ट्रैफिक जोन रहेगा। धनीपुर हवाई अड्डे से बोनेर, ओजोन कट, ओजोन सिटी, विजडम गंदा नाला और 38वीं वाहिनी पीएसी होते हुए कार्यक्रम स्थल तक का मार्ग भी वीवीआइपी मूवमेंट के समय बंद रहेगा।

38 स्थानों पर बैरियर, चार क्रेन रहेंगी तैनात

यातायात व्यवस्था संभालने के लिए 38 स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे। जाम की स्थिति से निपटने के लिए चार क्रेन तैनात रहेंगी। इनके अलावा कार्यक्रम स्थल से 38वीं वाहिनी पीएसी, विजडम गंदा नाला, ओजोन कट और बोनेर तिराहा होते हुए धनीपुर हवाई अड्डे तक आपातकालीन वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है।

एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को प्रतिबंधों से मुक्त रखा गया है। यातायात पुलिस के अनुसार, आवश्यकता पड़ने पर डायवर्जन व्यवस्था में बदलाव भी किया जा सकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।