विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ताले की कारीगरी से दुनिया को बताएंगे पहचान: अलीगढ़ की पहचान बनेंगे तीन भव्य स्वागत द्वार, ताला से 1857 की क्रांति की झलक

Published: Sat, 28 Nov 2026 08:59 AM (IST)

अलीगढ़ विकास प्राधिकरण शहर में तीन भव्य स्वागत द्वार बनाने जा रहा है, जो अलीगढ़ की पहचान, विरासत, ताला उद्योग और 1857 की क्रांति के शौर्य को प्रदर्शित करेंगे। इन द्वारों का निर्माण जीटी रोड, अनूपशहर रोड और एटा चुंगी पर होगा, जिन पर कुल 15 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

जीटी रोड पर प्रस्तावित स्वागत द्वार का डिजाइन। इसमें अचल ताल व खैरेश्वर मंदिर की झलक दिखाई देगी, सौ. एडीए

जीटी रोड पर प्रस्तावित स्वागत द्वार का डिजाइन। इसमें अचल ताल व खैरेश्वर मंदिर की झलक दिखाई देगी, सौ. एडीए

HighLights

  1. अलीगढ़ में तीन भव्य स्वागत द्वार बनाए जाएंगे।

  2. ताला उद्योग, 1857 क्रांति की झलक दिखेगी।

  3. जीटी रोड, अनूपशहर रोड, एटा चुंगी पर निर्माण।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। शहर में प्रवेश करते ही अब अलीगढ़ की पहचान व विरासत की भव्य झलक दिखाई देगी। कहीं ताला उद्योग की बारीक कारीगरी नजर आएगी तो कहीं 1857 की क्रांति के शौर्य की कहानी बयां करती कलाकृतियां राहगीरों का ध्यान खींचेंगी। अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) शहर के तीन प्रमुख मार्गों पर भव्य स्वागत द्वार बनाने जा रहा है।

जीटी रोड पर गभाना क्षेत्र, अनूपशहर रोड व एटा चुंगी के निकट इनका निर्माण कराया जाएगा। तीनों द्वारों की डिजाइन तैयार हो चुकी है। इन तीनों के निर्माण पर करीब पांच-पांच करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

ऐसे में 15 करेाड़ की राशि कुल खर्च होगी। स्वागत द्वार का उद्देश्य सिर्फ शहर में आने वालों का स्वागत करना नहीं, बल्कि अलीगढ़ की सांस्कृतिक, धार्मिक और औद्योगिक पहचान को भी सामने लाना है।

aligarh small gate

एटा चुंगी के निकट प्रस्तावित स्वागत द्वार का डिजाइन। इसमें 1857 की क्रांति से जुड़ी कलाकृतियां होंगी, सौ. एडीए

जीटी रोड गभाना, अनूपशहर रोड व एटा चुंगी पर प्रवेश द्वार बनाएगा एडीए

एडीए की योजना के तहत पहला स्वागत द्वार जीटी रोड पर गभाना कस्बा के निकट प्राधिकरण की सीमा के पास बनाया जाएगा। इसकी कुल चौड़ाई 45 मीटर होगी। डिजाइन में अलीगढ़ के प्रमुख धार्मिक व ऐतिहासिक स्थलों को जगह दी गई है। इसमें अचल ताल व खैरेश्वर मंदिर की कलाकृतियां उकेरी जाएंगी। प्रवेश द्वार के दोनों ओर सजावटी पैनल, आकर्षक नक्काशी व रोशनी की व्यवस्था इसे भव्य रूप देगी। इसके निर्माण पर करीब पांच करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

एडीए उपाध्यक्ष कुलदीप मीणा ने बताया कि शहर में अधिक से अधिक विकास कार्यों पर जोर दिया जा रहा है। अब शहर में प्रवेश के स्थानों पर तीन स्वागत द्वारों के निर्माण का निर्णय लिया गया है। जल्द ही इनके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी।

ताले की कारीगरी से दुनिया को बताएंगे पहचान

दूसरा स्वागत द्वार अनूपशहर रोड पर अलीगढ़ विकास प्राधिकरण की सीमा के निकट बनाया जाएगा। इसकी चौड़ाई भी 45 मीटर प्रस्तावित है। इस द्वार की खासियत यहां उकेरी जाने वाली ताला उद्योग से जुड़ी कलाकृतियां होंगी। अलीगढ़ की पहचान देश-दुनिया में ताला व हार्डवेयर उद्योग के लिए है। ऐसे में इस प्रवेश द्वार के जरिए शहर की औद्योगिक विरासत को कलात्मक रूप में प्रदर्शित किया जाएगा। डिजाइन में नक्काशीदार पैनल व आकर्षक प्रकाश व्यवस्था की परिकल्पना की गई है। इस पर भी करीब पांच करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। 

यह भी पढ़ें- शिल्पा शेट्टी ने वृंदावन के बांकेबिहारी मंदिर में किए दर्शन, उमड़ी भक्तों की भीड़

1857 की क्रांति का इतिहास भी दिखेगा

तीसरा स्वागत द्वार एटा चुंगी के निकट मुख्य मार्ग पर बनाया जाएगा। इसकी डिजाइन में 1857 की क्रांति से जुड़ी कलाकृतियों को प्रमुखता दी गई है। इसका उद्देश्य अलीगढ़ व आसपास के क्षेत्र के स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े इतिहास को कलात्मक रूप में प्रदर्शित करना है। डिजाइन में ऐतिहासिक घटनाओं व क्रांतिकारियों की स्मृति को उकेरने की योजना है। इस पर भी पांच करोड़ रुपये खर्च हाेंगे।

यह भी पढ़ें- कौन हैं एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर? जो अयोध्या के बाद अब संभालेंगे मुरादाबाद की कमान

भांकरी पर नगर निगम भी बना चुका है स्वागत द्वार

शहर में प्रवेश मार्गों को आकर्षक बनाने की दिशा में नगर निगम भी भांकरी क्षेत्र में स्वागत द्वार का निर्माण करा चुका है। अब एडीए के तीन नए द्वार तैयार होने पर अलग-अलग दिशाओं से शहर में आने वाले लोगों को अलीगढ़ की पहचान से रूबरू होने का अवसर मिलेगा। तीनों द्वारों की डिजाइन में स्थानीय विरासत, धार्मिक स्थलों, उद्योग व इतिहास को जगह दी गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।