Waqf Bill: '...तो 1947 वाले हालात हो जाएंगे', वक्फ संशोधन बिल पर ये क्या बोल गए मौलाना कासमी; मुकदमा दर्ज
अलीगढ़ के देहली गेट थाना क्षेत्र में मौलाना मुफ़्ती अकबर कासमी और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भड़काऊ बयान देने और अफवाह फैलाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। भाजपा नेता संजू बजाज की तहरीर पर FIR दर्ज हुई है। मौलाना ने वक्फ संशोधन विधेयक पर बयान देते हुए कहा था कि इससे देश में 1947 जैसे हालात बन सकते हैं।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। संसद में वक्फ संशोधन विधेयक पास होने पर विवादित बयान देने में मौलाना मुफ़्ती अकबर कासमी फंस गए हैं। देहली गेट थाना में उनके व एक अज्ञात के खिलाफ भड़काने व अफवाह फैलाने के मामले में मुकदमा पंजिकृत कर लिया गया है। उनके खिलाफ भाजपा नेता ने तहरीर दी थी।
देहली गेट नगला मसानी निवासी संजू बजाज भाजपा में महानगर मंत्री हैं। तहरीर में बताया कि वह शुक्रवार को घर से कहीं जा रहे थे, उस वक्त इंटरनेट मीडिया में एक वीडियो प्रसारित हो रहा था, जिसमें हाल ही में संसद में पास हुआ वक्फ संशोधन बिल का जिक्र था।
'देश में 1947 वाले हालात हो जाएंगे'
आरोपित अपने एक साथी के साथ बयान दे रहा था कि यह बिल पास हुआ तो देश में 1947 वाले हालात हो जाएंगे। इसका यह बयान देश में एक और टुकड़ा करने संबंधित है। उन्होंने और भी बहुत कुछ ऐसा कहा जो क्षेत्र व देश की शांति भंग कर सकता है। भड़काने और अफवाह फैलाने वाले इस आरोपित के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस ने मुकद्दमा पंजिकृत कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।