अलीगढ़ में मस्जिद पर पथराव का आरोप, शहर में तनाव
यूपी के अलीगढ़ में असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है। आरोप है मस्जिद पर पत्थर फेंके गए जिसमें एक युवक घायल हुआ है। पुलिस मस्जिद पर पत्थर ...और पढ़ें

अलीगढ़, जागरण संवाददाता। अलीगढ़ शहर के संवेदनशील इलाके मानिक चौक में रमजान के दौरान शनिवार देर रात असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। आरोप है मस्जिद पर पत्थर फेंके गए जिसमें एक युवक घायल हुआ है। पुलिस का कहना है कि मस्जिद में कोई पत्थर नहीं फेंका गया। विवाद मस्जिद के पास में रहने वाले युवक से हुआ था। उसी के घर पर कुछ लोगों ने गालीगलौज कर पत्थर फेंका था। एहतियातन पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
पत्थर लगने से एक घायल
मानिक चौक स्थित हंडे वाली गली में रहने वाले निसार अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में है कि शनिवार देर रात उसके घर के बाहर 10-15 अज्ञात लोगों ने आकर गालीगलौज की। इसका विरोध करने आरोपितों ने पत्थर बरसा दिए। इसमें एक पत्थर निसार के सिर में लगा। इसके बाद गली में भीड़ इकट्ठा हो गई। लोग शिकायत करने के मदार गेट चौकी पर पहुंचे।
आरोप है कि इसके पीछे आरोपितों फिर से गली में आए और पथराव किया। आरोप ये भी है कि नारे लगाते हुए मस्जिद पर भी पत्थर फेंके। रात में ही इंस्पेक्टर बृजेश कुमार मौके पर आ गए। लेकिन, मस्जिद के आसपास कोई पत्थर नहीं मिला। बल्कि मस्जिद के चार घर छोड़कर निसार के घर पर पत्थर फेंके गए थे।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
सीओ प्रथम राघवेंद्र सिंह ने बताया कि मस्जिद में पत्थर फेंकने की बात गलत है। मस्जिद के पास ही रहने वाले निसार के घर के बाहर कुछ लोग गालीगलौज कर रहे थे। इसका विरोध करने पर आरोपितों ने पत्थर मारे। निसार के सिर में चोट लगी है। निसार की तहरीर पर 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। तहरीर में भी मस्जिद पर पत्थर फेंकने या नारे लगाने वाली बात नहीं हैं। मौके पर पुलिस फोर्स तैनात है। सीसीटीवी की मदद से आरोपितों की तलाश की जा रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।