अलीगढ़ में छात्र की मौत पर पथराव, पुलिस ने छोड़ी आंसू गैस
अलीगढ़ में गांव रतरोई के पास शुक्रवार हादसे में छात्र की मौत के बाद बवाल हो गया। गुस्साए लोगों ने पथराव कर तोडफ़ोड़ की। पुलिस ने आंसू गैस छोड़ी।
अलीगढ़ (जेएनएन)। गंगीरी मेंछर्रा मार्ग पर गांव रतरोई के पास शुक्रवार शाम सड़क हादसे में छात्र की मौत के बाद बवाल खड़ा हो गया। गुस्साए लोगों ने जाम लगा प्रदर्शन किया। पथराव कर वाहनों में तोडफ़ोड़ की। स्थिति संभालने के लिए पुलिस को आसूं गैस छोडऩी पड़ी। पथराव में तीन पुलिसवाले समेत कई घायल हो गए। एसपी देहात यशवीर सिंह ने बताया कि हादसे में छात्र की मौत के बाद गांव वालों ने जाम लगकर प्रदर्शन किया। पुलिस पर पथराव किया। आठ-दस लोगों को हिरासत में लिया गया है। उपद्रवियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
यह भी पढ़ें: बुलंदशहर में सांप्रदायिक सौहार्द्र बिगड़ने पर पथराव, पुलिस ने भांजी लाठियां
गंगीरी क्षेत्र के गांव बिहारीपुर निवासी गुलाब सिंह का इकलौता पुत्र सचिन (17) कस्बा में ही सुशीला देवी इंटर कॉलेज में हाईस्कूल का छात्र था। शुक्रवार को वह गांव के ही मनोज के साथ साइकिल से कोचिंग आया था। शाम चार बजे कोचिंग के बाद मनोज के साथ एक दोस्त की बाइक लेकर छर्रा जा रहा था। रतरोई स्थित धर्मशाला के पास दूध के टैंकर ने बाइक को रौंद दिया। सचिन की मौत हो गई जबकि मनोज घायल हो गया। इससे गुस्साए गांव वालों ने गंगीरी चौराहे पर जाम लगा दिया। थाने में भी प्रदर्शन किया। जाम लगा रहे लोगों ने वाहनों पर पथराव कर दिया। जाम लगा रहे लोगों को पुलिस ने खदेड़ा तो पथराव कर दिया। स्थिति काबू करने को पुलिस ने आसूं गैस छोड़ी।