Ukraine News : बर्फबारी में रात काटने के बाद पहुंचे स्लोवाकिया, वीडियो शेयर कर भारत सरकार से मदद की गुहार
रूस और यूक्रेन युद्ध के बीच फंसे भारतीय छात्रों ने भयावह मंजर का वीडियो शेयर कर भारत सरकार से मदद की गुहार लगायी है। मंगलवार को हाथरस के रहने वाले छात्र आलोक चौधरी ने स्लोवाकिया से एक वीडियो शेयर किया है।

हाथरस, जागरण संवाददाता। यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों का दर्द यूक्रेन के बिगड़ते हालातों के साथ बढ़ रहा है। मंगलवार को एक बार फिर कस्बे के छात्र आलोक चौधरी ने स्लोवाकिया से वीडियो शेयर कर भारतीय सरकार से मदद की गुहार लगाई है। छात्रों ने अब तक के कठिन सफर का भी जिक्र वीडियो में किया है।
रुकने का नाम नहीं ले रहा संघर्ष
यूक्रेन और रूस के बीच चल रहा संघर्ष अभी रुकने का नाम नहीं ले रहा है। यूक्रेन में लगातार बम धमाके हो रहे हैं। धमाकों के बीच अलग-अलग शहरों में भारतीय छात्र फंसे हुए हैं। सादाबाद में मुरसान रोड के रहने वाले राजेंद्र सिंह के बेटे आलोक चौधरी ने तीन दिन पहले पोलैंड बार्डर से वीडियो शेयर कर यूक्रेन के हालातों को बयां किया था। मंगलवार को आलोक चौधरी ने मथुरा के अपने दोस्त सचिन चौधरी और गुजरात के पूजन मोदी के साथ वीडियो बनाकर भेजा है। वीडियो इंटरनेट मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। वीडियो के जरिए आलोक चौधरी ने बताया कि वह करीब 35 किलोमीटर पैदल चलकर विश्वविद्यालय से पोलैंड बॉर्डर तक पहुंचे थे। यहां पर यूक्रेन सैनिक छात्र-छात्राओं के साथ अभद्रता कर रहे हैं। पासपोर्ट चोरी कर लिए गए हैं। हम 30 किलो लगेज के साथ सुरक्षित स्थान के लिए भटक रहे हैं। जंगल से लकड़ी जमा कर माइनस सात डिग्री तापमान में रात काटनी पड़ रही है। खाने-पीने दवा का कोई इंतजाम नहीं है। यूक्रेन में कैश की दिक्कत भी बढ़ गई है। आलोक चौधरी ने बताया कि चचेरे भाई जितेंद्र सिंह की मदद से उन्हें पता चला कि स्लोवाकिया बार्डर पर भारतीय छात्रों को प्रवेश दिया जा रहा है। आलोक दोस्तों के साथ स्लोवाकिया पर पहुंचे। बार्डर पर चार-पांच घंटे बर्फबारी में गुजारने के बाद स्लोवाकिया में भारतीय छात्रों को मदद मिल सकी। आलोक और उसके दोस्तों ने एंबेसी ऑफ इंडिया इन स्लोवाकिया का आभार जताया है। स्लोवाकिया के भारतीय दूतावास द्वारा उन्हें हर तरह की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
भोजन,पानी की नही व्यवस्था, पहुंचना चाहते है घर
लगातार मिसाइल दागी जा रही हैं, हमले हो रहे हैं, स्थिति गंभीर है। न बाहर निकल सकते हैं, न अंदर रह सकते हैं। खाने-पीने की व्यवस्था नहीं है। पूर्वी यूक्रेन में बेहद गंभीर स्थिति है। हम लोग यहां फंस चुके हैं, सरकार हमारी मदद करे। खारकीव शहर में फंसे सादाबाद के कृष्णा नगर निवासी छात्र दक्ष चौधरी ने वहां के हालात बयां किए हैं। दक्ष बंकर में फंसे छात्रों को दिखा रहे हैं। दक्ष ने बताया है कि यूक्रेन की पूर्वी साइड की स्थिति बहुत ही गंभीर बन गई है। लगातार राकेट लांचर और मिसाइल से गोले दागे जा रहे हैं। दहशत का माहौल है। भोजन पानी की व्यवस्था भी यहां अब नहीं हो पा रही है। उतना ही भोजन मिल पा रहा है जिससे हम लोग ङ्क्षजदा रह सकें। दक्ष से भारतीय सरकार से उन्हें सुरक्षित वतन वापसी की गुहार लगाई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।