रिंकू सिंह और सपा सांसद प्रिया सरोज की शादी का न्योता सीएम योगी तक पहुंचा, लखनऊ में होगा विवाह
भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और सपा सांसद प्रिया सरोज का विवाह 4 दिसंबर को लखनऊ में होगा। रिंकू के परिवार ...और पढ़ें

HighLights
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज का विवाह 4 दिसंबर को।
लखनऊ में होगा क्रिकेटर और सांसद का विवाह।
रिंकू के परिवार ने सीएम योगी को दिया निमंत्रण।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज अलीगढ़ के रिंकू सिंह की शादी अब सियासी गलियारों में भी चर्चा का विषय बन रही है। रिंकू सिंह व मछलीशहर से समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज चार दिसंबर को लखनऊ में विवाह बंधन में बंधेंगे।
इस समारोह में खेल और फिल्मी दुनिया के साथ सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई दिग्गज नेताओं के शामिल होने की संभावना है। शुक्रवार को रिंकू सिंह के परिवार ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें विवाह समारोह का निमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री से मिलने वालों में रिंकू सिंह की मां बीना देवी, भाई सोनू सिंह और बहन नेहा सिंह समेत परिवार के अन्य सदस्य शामिल रहे।
रिंकू सिंह के भाई सोनू सिंह ने बताया कि मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने उनकी मां के स्वास्थ्य का हाल जाना और परिवार के अन्य सदस्यों के बारे में भी जानकारी ली। रिंकू सिंह व प्रिया सरोज का विवाह राजनीतिक लिहाज से भी खास माना जा रहा है। समारोह में सत्ता व विपक्षी गठबंधन के नेताओं के एक मंच पर जुटने की संभावना है।