अलीगढ़: 4.5 लाख रु की लूट की खबर निकली मनगढ़ंत, झूठी सूचना देने वालों पर पुलिस की कार्रवाई
अलीगढ़ के बरला में आढ़ती से साढ़े चार लाख की लूट की सूचना झूठी निकली। पुलिस जांच में मारपीट का ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में आरोपित।
HighLights
बरला में साढ़े चार लाख की लूट की सूचना झूठी निकली।
पुलिस जांच में आढ़ती के साथ मारपीट का मामला सामने आया।
झूठी सूचना देने पर शिकायतकर्ता दिनेश गिरफ्तार किए गए।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। बरला थाना क्षेत्र में रविवार की शाम आढ़ती से साढ़े चार लाख रुपये की लूट के मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस जांच में लूट की घटना की पुष्टि नहीं हुई। पुलिस के अनुसार, दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी, जिसे लूट का रूप देकर सूचना दी गई।
मामले में शिकायतकर्ता दिनेश की तहरीर पर मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, लूट की झूठी सूचना देने के आरोप में दिनेश और उसके साथियों को भी गिरफ्तार किया है।
गांव फुसावली निवासी दिनेश कुमार की छर्रा मंडी में आढ़त है। रविवार शाम उन्होंने पुलिस को सूचना दी थी कि घर लौटते समय रास्ते में नकाबपोश बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उनसे साढ़े चार लाख रुपये लूट लिए। आरोप था कि बदमाश उनकी बाइक भी ले गए, जिसे बाद में घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर छोड़ दिया।
आढ़ती की शिकायत पर पुलिस ने की जांच, लूट की पुष्टि नहीं
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, जांच में दोनों पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया, जबकि लूट की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने झूठी सूचना देने के मामले में दिनेश और उसके साथियों के विरुद्ध भी मुकदमा पंजीकृत किया है।
