विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

2027 विधानसभा चुनाव के लिए सपा ने कसी कमर, अलीगढ़ की कोल विधासभा सीट पर PDA महापंचायत

Published: Sun, 25 Oct 2026 10:52 PM (IST)

सपा ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में कोल विधानसभा क्षेत्र में पीडीए पंचायत का आयोजन किया।

अज्जू इश्हाक के नेतृत्व में आयोजित पंचायत

अज्जू इश्हाक के नेतृत्व में आयोजित पंचायत

HighLights

  1. सपा ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू की।

  2. कोल में पीडीए पंचायत कर संगठन को मजबूत किया।

  3. मतदाता सूची में नाम जुड़वाने पर विशेष जोर दिया।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए समाजवादी पार्टी ने कोल विधानसभा क्षेत्र में पीडीए पंचायत के जरिए अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने का प्रयास किया। रविवार को अज्जू इश्हाक के नेतृत्व में आयोजित पंचायत में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामाजिक भागीदारी, मतदाता सूची में पात्र लोगों के नाम जुड़वाने और बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर दिया। अज्जू कोल सीट पर दावेदारी कर रहे हैं।

पंचायत की अध्यक्षता सपा की जिलाध्यक्ष लक्ष्मी धनगर ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी पदाधिकारी राकेश बघेल मौजूद रहे। राकेश बघेल ने कहा कि सपा पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रहेगी। पूर्व विधायक वीरेश यादव ने पंचायत के आयोजन के लिए अज्जू इश्हाक को बधाई दी और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए शुभकामनाएं दीं।

जिलाध्यक्ष लक्ष्मी धनगर ने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची में अधिक से अधिक पात्र लोगों के नाम जुड़वाने की अपील की। उन्होंने प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूची की निगरानी करने और कथित वोट चोरी रोकने के लिए संगठनात्मक स्तर पर काम करने का आह्वान किया। अज्जू इश्हाक ने सभी का आभार जताया।

पंचायत के दौरान युवाओं ने ‘वोट चोरी बंद करो’ और ‘अखिलेश यादव जिंदाबाद’ के नारे लगाए। सपा के सभासद शाहिद अब्बासी, उस्मान खान, आकिल अहमद, शमीम अल्वी, गुलजार, इमरान खान, शाकिर अब्बासी, तारिक मलिक, सद्दाम अशरफी, यूनुस मलिक, गुलफाम अल्वी, हुमैरा असलम, असलम नूर, पूर्व जिला महासचिव मुकेश महेश्वरी, रत्नाकर पांडे, डा. विनोद सविता, नगर अध्यक्ष डा. बादशाह और प्रधान सलीम आदि मौजूद रहे।

सपा में हुए शामिल

भाजपा छोड़कर राहुल लोधी और बड़ौली फतेहखां के अशोक कुशवाहा ने सपा की सदस्यता ग्रहण की। मडराक के जयसिंह कुशवाहा ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में अपने पद से इस्तीफा देने के बाद सपा में शामिल होने की बात कही। वहीं, रामनगर के बसपा से जुड़े कप्तान सिंह बावजी और एआइएमआइएम छोड़कर मोहम्मद जैद के भी पार्टी में शामिल होने का दावा किया गया।