Aligarh Weather Update: जुलाई के 14 दिनों में रिकॉर्ड तोड़ बारिश, जमकर बरस रहा मानसून; किसानों को मिली राहत
अलीगढ़ में जुलाई महीने में रिकॉर्ड तोड़ बारिश हुई है। इस महीने 146 एमएम बारिश दर्ज की गई जो पिछले 15 सालों में सबसे अधिक है। इस बारिश से किसानों को काफी राहत मिली है क्योंकि धान की रोपाई के लिए पानी की जरूरत कम हो गई है। लगातार बारिश से लोगों को गर्मी से भी राहत मिली है। कृषि विभाग को अभी और अच्छी बारिश की उम्मीद है।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। जुलाई में इस बार मेघ खूब मेहरबान रहे। महज 14 दिन में ही डेढ़ दशक का रिकार्ड टूट गया। इस महीने में अब तक 146 एमएम (मिलीमीटर) बरसात दर्ज हो चुकी है। 2010 के बाद से पिछले 15 वर्ष में इससे पहले कभी जुलाई के पहले दो सप्ताह में इतनी बरसात दर्ज नहीं हुई।
प्रशासनिक रिकॉर्ड के मुताबिक इससे पहले महज चार बार ही इस वर्ष के 14 दिन से अधिक बरसात 2011, 2018, 2016 व 2021 के पूरे जुलाई में हुई है। इन वर्षों में कुल डेढ़ सौ एमएम से अधिक बरसात हुई थी।
पूरे वर्ष में बरसात के लिए जुलाई, अगस्त व सितंबर सबसे अधिक मुफीद माने जाते हैं। इस बार जून के अंत से ही बरसात की शुरुआत हो गई थी। जुलाई में इसने रफ्तार पकड़ ली। महीने के पहले तीन दिन में ही औसतन 15 एमएम तक बरसात हो गई। इसके बाद सात जुलाई को सबसे अधिक बरसात हुई। इस दिन एक ही दिन में 60 एमएम से अधिक पानी पड़ गया।
इस महीने में अब तक कुल 146 एमएम बरसात जिले में हो चुकी है दर्ज
इसके बाद दो दिन पहले 13 जुलाई को भी औसतन 13 एमएम बरसात दर्ज की गई। अगर अब तक इस पूरे महीने की बात करें तो 146 एमएम बरसात दर्ज हो गई है। पिछले 15 वर्ष में जुलाई के पहले पखवाड़े में सबसे अधिक बरसात है। अगर पूरे जुलाई की बात करें तो इन 14 दिनों के मुकाबले चार बार अधिक बरसात दर्ज हो गई है। इससे पहले 2023 में पूरे महीने में 200 एमएम बरसात हुई थी, लेकिन इसके शुरुआत 15 दिन में महज आठ एमएम ही पानी पड़ा था।
2010 के बाद जुलाई के पहले दो सप्ताह में कभी नहीं हुई इतनी बरसात
इसी तरह 2021 में पूरे जुलाई में 232 एमएम बरसात दर्ज की गई, लेकिन इस महीने के भी पहले पखवाड़े में महज 40 एमएम पानी पड़ा था। 2018 के जुलाई में पिछले डेढ़ वर्ष में सबसे अधिक 329 एमएम बरसात हुई थी, लेकिन इस महीने के शुरुआत 15 दिनों में भी महज 40 एमएम ही बरसात हुई थी। 2016 के जुलाई में कुल 290 एमएम बरसात हुई थी।
इसमें भी पहले पखवाड़े में 90 एमएम पानी ही पड़ा। 2011 के जुलाई में भी कुल 261 एमएम बरसात हुई थी, लेकिन इसमें 15 जुलाई तक महज 90 एमएम ही बरसात हुई थी। ऐसे में जिले में इस बार के जुलाई में सबसे अधिक बरसात हुई है।
किसानों के खिले चेहरे
अधिक बरसात से इस बार किसानों के चेहरे खिले हुए हैं। जून तक अधिकतर किसानों की धान रोपाई हो चुकी है। ऐसे में अब बरसात पानी की ज्यादा जरूरत नहीं पड़ रही है। जिले में करीब सवा लाख हेक्टेयर धान का रकवा है। कृषि विभाग के मुताबिक जुलाई में 190 एमएम सामान्य बरसात होती है। अभी शेष दिनों में भी अच्छी बरसात की उम्मीद है।
जुलाई में 15 वर्ष की बरसात
वर्ष, जुलाई,
- 2025, 146. 08
- 2024, 63.00
- 2023, 200.08
- 2022, 119.80,
- 2021, 231.88,
- 2020, 76.54,
- 2019, 86.20,
- 2018, 329.46
- 2017, 55.40
- 2016, 290.00
- 2015, 115.76
- 2014, 79.90
- 2013, 133.68
- 2012, 128.00
- 2011, 261.00
(बरसात एमएम में है)
गर्मी से मिली राहत
पिछले दो सप्ताह से लगातार हो रही बरसात ने गर्मी से परेशान लोगों को राहत दी है। रविवार शाम को भी जोरदोर बरसात हुई थी। सोमवार को भी बदाल छाए रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।