विश्व का सबसे बड़ा संगठन है राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ
आरएसएस ने विजयादशमी पर्व पर किया ऑनलाइन कार्यक्रम
जासं, अलीगढ़ : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने विजयादशमी पर ऑनलाइन बौद्धिक वर्ग का आयोजन किया। महानगर की प्रत्येक शाखा के कार्यक्रम में पदाधिकारियों ने स्वयंसेवकों को संबांधित किया। पूर्व सर संघचालक डॉक्टर केशवराव बलिराम हेडगेवार ने विजयादशमी के दिन ही 1925 में संघ की स्थापना बहुत ही सूक्ष्म रूप में की थी, जो आज विश्व का सबसे बड़ा स्वयंसेवी संगठन है।
महानगर के प्रचार प्रमुख महेश कुमार ने बताया कि संघ के माध्यम से समाज में अनेकों सेवा कार्य चलते हैं, जिनके माध्यम से परिवर्तन देखने को मिलता है! पर्व पर फेसबुक के माध्यम से नागपुर में चल रहे कार्यक्रम से भी जुृड़े। वक्ताओं ने कहा कि शस्त्र पूजन शौर्य और वीरता का प्रतीक है। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम ने दुष्टता का पर्याय बने रावण का वध किया। पांडवों ने भी 12 साल के वनवास व एक वर्ष के अज्ञातवास को पूर्ण कर अस्त्रों का पूजन विजयादशमी को ही किया, फिर कौरवों को महाभारत के युद्ध में हराया। महानगर की शाखाओं पर स्वयंसेवकों ने शस्त्र दंड का पूजन किया। गीत और अमृत वचन हुआ। नगर कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने सरसंघचालक मोहन भागवत का उद्बोधन ऑनलाइन सुना।
पथ संचलन नहीं निकला : कोरोना के चलते आरएसएस का पथ संचलन नहीं निकाला गया। प्रचार प्रमुख महेश कुमार ने कहा कि अभी शाखाएं बंद चल रही हैं।
........
मथुरा रोड पर यात्री प्रतीक्षालय का विभाग प्रचारक ने किया शुभारंभ
जासं, अलीगढ़ : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक जितेंद्र ने कहा कि हम केशव पथ के अनुगामी बनें। संघ के संस्थापक डॉक्टर केशवराव बलिराम हेडगेवार ने राष्ट्र के प्रति अपने पूरे जीवन को समर्पित कर दिया। राष्ट्र सेवा को उन्होंने लक्ष्य बनाया और सतत साधना में लग गए। आज उनकी देन है कि भारत सशक्त राष्ट्र की ओर बढ़ रहा है। वे रविवार को मथुरा रोड स्थित केशव सेवाधाम के निकट केशव व गोलवलकर प्रतीक्षालय का शुभारंभ कर रहे थे। उन्होंने कहा यह प्रतीक्षालय यात्रियों को राहत देने का काम करेगा। विभाग संघचालक राजकुमार ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ देश के लिए समर्पित है। विभाग कार्यवाह ललित ने कहा कि हम सभी को सेवा कार्य के प्रति समर्पित रहना चाहिए। कोल विधायक अनिल पाराशर ने कहा कि मैंने अपने जीवन में राष्ट्र सेवा का जो भी संकल्प लिया है, संघ की उसमें बहुत बड़ी भूमिका है। महानगर प्रचार प्रमुख महेश कुमार ने कहा कि प्रतिक्षालय से यात्रियों के बैठने की सुविधा होगी। संघ के पदाधिकारियों व विधायक ने केशव सेवाधाम का भ्रमण किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।