विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अलीगढ़ में 12 नवंबर तक बदली यातायात व्यवस्था: भारी वाहनों की नो एंट्री, बाजार में ई-रिक्शा भी बैन; ये है पार्किंग स्पॉट

Published: Sat, 07 Nov 2026 01:08 PM (GMT+05:30)

अलीगढ़ में धनतेरस से भैयादूज तक बाजारों में भीड़ के मद्देनजर यातायात पुलिस ने डायवर्जन प्लान जारी किया है। छह ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. धनतेरस से भैयादूज तक अलीगढ़ में यातायात डायवर्जन लागू

  2. भारी और व्यावसायिक वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित

  3. प्रमुख बाजारों में ई-रिक्शा, चार पहिया वाहनों पर भी रोक

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज पर बाजारों में भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर में डायवर्जन प्लान जारी किया है। छह से 12 नवंबर तक बाहरी और आंतरिक यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। सुबह सात से रात 11 बजे तक शहर में भारी और व्यावसायिक वाहनों के साथ रोडवेज बसों का प्रवेश निर्धारित प्रमुख रास्तों से प्रतिबंधित रहेगा।

वहीं, दोपहर 12 से रात 11 बजे तक सेंटर प्वाइंट और महावीर गंज समेत प्रमुख बाजारों में ई-रिक्शा, ई-ऑटो, टेंपो और चार पहिया वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।

इन रास्तों से शहर में नहीं आएंगे भारी वाहन

बोनेर तिराहा और ओजोन सिटी कट से शहर की ओर आने वाले भारी और व्यावसायिक वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। सारसौल चौराहे से भी शहर की ओर इन वाहनों का प्रवेश नहीं होगा। रामघाट रोड और अतरौली की तरफ से आने वाले भारी वाहन क्वार्सी चौराहे से आगे नहीं जा सकेंगे। मथुरा और आगरा की तरफ से आने वाले वाहनों को क्रमश: मथुरा चेंजर और आगरा चेंजर से नए बाईपास हाईवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

सेंटर प्वाइंट और महावीर गंज में वाहनों पर रोक

दोपहर 12 से रात 11 बजे तक सेंटर प्वाइंट बाजार में स्टेट बैंक तिराहा, मधेपुरा तिराहा, मैरिस रोड चौराहा, मेट्रो शोरूम कट, गांधी-आई तिराहा और अतरौली अड्डा रामघाट रोड से ई-रिक्शा, ई-ऑटो, टेंपो और चार पहिया वाहन प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
महावीर गंज और रेलवे रोड बाजार में भी बारहद्वारी प्रथम व द्वितीय, सब्जी मंडी चौराहा, अब्दुल करीम चौराहा, मीरूमल चौराहा, मदारगेट तिराहा, मामूभांजा तिराहा, कवरकुत्ता तिराहा, सासनीगेट चौराहा, नगर निगम वर्कशाप चौराहा, मसूदाबाद तिराहा, रसलगंज चौराहा और देहलीगेट चौराहे से वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

यह भी पढ़ें- अब नाला नहीं... अलीगढ़ में यूरोपीय तकनीक से अंडर ग्राउंड जल निकासी, सड़कें होंगी चौड़ी

यह भी पढ़ें- कोर कटर से सड़क की कटिंग कर जांचे मानक, अलीगढ़ DM अविनाश कुमार ने परखी फोरलेन की क्वालिटी

यहां होगी पार्किंग की व्यवस्था

सेंटर प्वाइंट आने वाले वाहन मधेपुरा तिराहा के पास रेलवे स्टेशन के रिजर्वेशन काउंटर परिसर, मैरिस रोड चौराहे से कैलानगर चौराहे तक सड़क किनारे और एसबीआई तिराहे के पास रेलवे लाइन की तरफ खड़े किए जा सकेंगे। इसके अलावा तहसील भवन और नुमाइश मैदान की बाउंड्रीवॉल के पास जीटी रोड, नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज की बाउंड्रीवॉल के पास न्यायालय के निकट तथा बीमा अस्पताल के सामने गोपाल जी की बगीची के पास आगरा रोड पर पार्किंग रहेगी।
शोभायात्रा के दौरान गूलर रोड से बारहद्वारी, मीरूमल से बारहद्वारी, अब्दुल करीम से मीरूमल, मामूभांजा से मीरूमल, कवरकुत्ता से मीरूमल, सासनीगेट से कंपनी बाग और अचलताल से दुबे पड़ाव की ओर वाहनों को प्रतिबंधित या डायवर्ट किया जाएगा।
यातायात पुलिस के अनुसार, सुबह सात से रात 10 बजे तक भवन निर्माण सामग्री ले जाने वाले ट्रक, ट्रैक्टर और डंपर का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इनका संचालन रात में ही हो सकेगा। एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं के वाहन प्रतिबंधों से मुक्त रहेंगे। जरूरत के अनुसार डायवर्जन व्यवस्था में बदलाव भी किया जा सकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।