अब नाला नहीं... अलीगढ़ में यूरोपीय तकनीक से अंडर ग्राउंड जल निकासी, सड़कें होंगी चौड़ी
अलीगढ़ में अब यूरोपीय तकनीक से वर्षा जल निकासी की व्यवस्था की जा रही है, जिसमें खुले नालों की जगह भूमिगत पाइप और मैनहोल प्रणाली का उपयोग होगा।

पाइप एंड मैनहोल तकनीकी से वर्षा जलनिकासी के काम का भौतिक सत्यापन करते नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा। सौ. नगर निगम
HighLights
यूरोपीय पाइप व मैनहोल तकनीक से होगी जल निकासी।
खुले नालों की जगह भूमिगत प्रणाली से सड़कें होंगी चौड़ी।
सीएम ग्रिड योजना के तहत चार सड़कों पर कार्य शुरू।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : अब अलीगढ़ में यूरोपीय तकनीक से स्टार्म वाटर ड्रेनेज (वर्षा जल निकासी) की व्यवस्था की जा रही है। पाइप एंड मैनहोल विधि से पानी की निकासी होगी। इससे सड़क किनारे चौड़े व ऊंचे नाले नहीं बनाने पड़ेंगे। नाले वाला हिस्सा भी सड़क में शामिल हो जाएगा। इससे सड़क भी चौड़ी होगी और यातायात सुगम होगा। सीएम ग्रिड योजना के तहत फेज-3 में स्वीकृत हुई चार सड़कों पर ये व्यवस्था की जा रही है।
मंगलवार को नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने मेडिकल रोड पर इस तकनीक से कराए जा रहे कार्य का भौतिक सत्यापन कर, कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से करने के निर्देश दिए।373
सीएम ग्रिड की चार सड़कों पर पाइप व मैनहोल के जरिए बहेगा पानी
नगर आयुक्त ने बताया कि सीएम ग्रिड फेज-3 में अलीगढ़ शहर को चार सड़कों के निर्माण की स्वीकृति मिली है। इनमें नाला निर्माण नहीं किया जाएगा। इसकी जगह पाइप डालकर व कुछ-कुछ दूरी पर आवश्यकतानुसार मैनहोल चेंबर बनाकर ऊपर से पूरी सड़क तैयार कर दी जाएगी। इसका दूसरा लाभ ये भी मिलेगा कि जिस तरह नालों से कचरा, बोरी आदि निकलती हैं, इस व्यवस्था में उस तरह नहीं होगा। निकासी तेज बहाव के साथ होगी। सफाई करनी होगी तो मैनहोल के चेंबर खोलकर काम कर लिया जाएगा।
खुले नालों की जगह भूमिगत ड्रेनेज प्रणाली विकसित कर रहा है निगम
नगर आयुक्त ने बताया कि कालीदह मरघट से अवतार नगर होते हुए रेलवे फाटक तक 56.72 करोड़ रुपये से 3.23 किलोमीटर लंबाई व 12 मीटर चौड़ाई की सड़क, मेडिकल रोड, दोदपुर रोड से मेडिकल कालेज तक 23.47 करोड़ रुपये से 1.15 किलोमीटर लंबी व 12 मीटर चौड़ी सड़क बननी स्वीकृत हुई है। जेल रोड पुल से नई बस्ती पोखर, जीटी रोड व रघुवीरपुरी रोड होते हुए गुलर रोड तक 20.12 करोड़ रुपये से 1.07 किलोमीटर लंबी व 11.10 मीटर चौड़ी सड़क और सराय हरनारायण में सासनी गेट चौराहे से पंचनगरी पोखर तक 14.46 करोड़ रुपये से 0.88 किलोमीटर लंबी व 12 मीटर चौड़ी सड़क निर्माण की स्वीकृति मिली है।
मेयर प्रशांत सिंघल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में अलीगढ़ को आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्वच्छ, सुंदर व व्यवस्थित शहर बनाने के लिए नगर निगम निरंतर कार्य कर रहा है।
नगर आयुक्त के प्रस्ताव पर लगी मुहर
नगर निगम में मुख्य अभियंता बीके सिंह ने बताया कि शासन में हुई बैठक में नगर आयुक्त द्वारा ये प्रस्ताव रखा गया था। नगर आयुक्त द्वारा पक्ष रखा गया था कि हम लोग सड़क किनारे ऊंचे व चौड़े नाले क्यों बनाते हैं? इसकी जगह अगर भूमिगत पाइप एंड मैनहोल तकनीक से जलनिकासी की व्यवस्था की जाए तो सड़क भी चौड़ी हो जाएगी। इसमें लगभग 20 से 25 प्रतिशत लागत भी कम आएगी। इस पर शासन ने उनके प्रस्ताव पर मुहर लगाते हुए इसे क्रियान्वित करने पर सहमति जताई।
ऐसे काम करती है तकनीक
नगर आयुक्त ने बताया कि इसमें सड़क निर्माण के साथ-साथ वर्षा जल निकासी के लिए भूमिगत पाइपलाइन एवं मैनहोल आधारित व्यवस्थित ड्रेनेज नेटवर्क विकसित किया जाता है। इससे सड़कें खुले नालों से रहित व चौड़ी रहती हैं। सड़क पर आवागमन सुगम होता है। यह आधुनिक वर्षा जल निकासी प्रणाली है जिसमें सड़क पर जमा होने वाले बरसात के पानी को विशेष इनलेट एवं कैच पिट के माध्यम से भूमिगत पाइपलाइन में पहुंचाया जाता है।
इन पाइपलाइनों को निर्धारित ढाल में बिछाते हैं। इससे बरसाती पानी प्राकृतिक गुरुत्वाकर्षण के माध्यम से आगे बढ़कर निर्धारित निकासी स्थल तक पहुंच सके। इस प्रणाली में सीमित दूरी एवं आवश्यकता के अनुसार मैनहोल बनाए जाते हैं। ये मैनहोल भूमिगत पाइपलाइन के निरीक्षण, सफाई, रखरखाव व मरम्मत के लिए इन मैनहोल का उपयोग होता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।