यूपी रेसलिंग एसोसिएशन में नया नियम लागू, हड्डी परीक्षण से पुष्ट होगी हर पहलवान की उम्र
उत्तर प्रदेश कुश्ती एसोसिएशन ने पहलवानों की उम्र जांचने के लिए बोन टेस्ट अनिवार्य कर दिया है। यह नियम अब ...और पढ़ें

स्पोर्ट्स स्टेडियम के कुश्ती हाल में प्रैक्टिस करते पहलवान। जागरण
HighLights
पहलवानों की वास्तविक उम्र जांचने के लिए बोन टेस्ट अनिवार्य
उत्तर प्रदेश कुश्ती एसोसिएशन ने दो महीने पहले यह नियम लागू किया
जिला स्तर पर भी यह व्यवस्था 1 जनवरी से लागू होगी
गौरव दुबे, अलीगढ़। कुश्ती प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों (पहलवानों) के लिए अब सख्ती कर दी गई है। पहलवानों की वास्तविक उम्र का पता लगाने के लिए अब प्रदेशस्तर की हर प्रतियोगिता में बोन टेस्ट (हड्डी परीक्षण) कराना शुरू हो गया है।
उत्तरप्रदेश कुश्ती एसोसिएशन ने लगभग दो महीने पहले इस व्यवस्था को सख्ती से लागू कर दिया है। पहली बार जिलास्तर पर पहलवानों का बोन टेस्ट कराने की योजना भी बनाई जा रही है। इसके लिए जिलास्तर पर रेसलिंग एसोसिएशन सरकारी अस्पतालों में संपर्क करना शुरू कर दिया है।
यूपी रेसलिंग एसोसिएशन की ओर से प्रदेशभर में लागू कर दिया गया है नियम
पहले प्रदेशस्तर की प्रतियोगिताओं में कुश्ती खिलाड़ियों का बोन टेस्ट नहीं कराया जाता था। टूर्नामेंट से पहले या बाद में आफिशियल्स को किसी पहलवान की उम्र को लेकर संदेह हुआ तो वो उनका बोन टेस्ट करा सकते हैं। 24 अक्टूबर 2026 को गोरखपुर में सीनियर स्टेट रेसलिंग चैंपियनशिप का आयोजन हुआ था। अलीगढ़ मंडल की टीम भी हिस्सा लेने गई थी। प्रतियोगिता में कासगंज के तीन पहलवानों द्वारा कम उम्र का होने के बावजूद सीनियर वर्ग में खेलने का कृत्य किया गया। ऑफिशियल्स को संदेह हुआ तो बोन टेस्ट कराया गया।
रिपोर्ट में तीनों पहलवानों पर उम्र में फेरबदल करने का दोष सिद्ध हुआ। अब इन तीनों पर तीन-तीन वर्ष का प्रतिबंध लगा दिया गया है। जिला कुश्ती एसोसिएशन के सचिव भगत सिंह बाबा ने बताया कि सरकारी अस्पतालों से संपर्क किया जा रहा है। एक जनवरी से जिलास्तर पर भी यह व्यवस्था लागू कराने का प्रयास है।
फेल हुए तो खर्च खुद वहन करना होगा
यूपी रेसलिंग एसोसिएशन के महासचिव सुरेश चंद उपाध्याय ने बताया कि प्रदेशस्तर पर यह व्यवस्था लागू करने के बाद अब जिलास्तर पर भी टेस्ट कराने की योजना है। अगर पहलवान बोन टेस्ट में पास रहता है, तो इस टेस्ट का खर्च एसोसिएशन द्वारा वहन किया जाएगा। अगर खिलाड़ी बोन टेस्ट में फेल हो गया तो इसका खर्च उस खिलाड़ी को स्वयं वहन करना होगा।
पात्र खिलाड़ी को उसका हक मिले, इसके लिए ये व्यवस्था शानदार है। जिलास्तर से ही बोन टेस्ट को अनिवार्य कर देना चाहिए। जिससे आगे गड़बड़ी करने की गुंजाइश ही न रहे।
दिनेश चौधरी, पहलवान
यूपी एसोसिएशन की अच्छी पहल है। फर्जीवाड़े पर नकेल लगना बहुत जरूरी है। नकेल न हो तो सच्चे व पात्र खिलाड़ी के साथ अन्याय होता रहेगा। जिलास्तर पर भी यह लागू हो।
पवन राठी, पहलवान
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।