नीलम शर्मा को उत्कृष्ट सेवाओं का मिला इनाम, पुलिस उपाधीक्षक के पद पर हुईं प्रोन्नत
बरेली की रहने वाली नीलम शर्मा को उत्कृष्ट सेवाओं का परिणाम मिला है। उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पुलिस उपाधीक्षक पद पर प्रोन्नति दी है। नीलम शर्मा ने रूहेलखंड विश्वविद्यालय से हिंदी एवं राजनीति शास्त्र में मास्टर डिग्री हासिल कर बीएड भी किया है।

अलीगढ़, जागरण संवाददाता। मेहनत का फल सदैव मीठा होता है। परिणाम देर से भले आए पर सही दिशा में किया गया कार्य सार्थक परिणाम अवश्य दिलाता है। स्थानीय अभिसूचना विभाग में निरीक्षक के पद पर कार्यरत नीलम शर्मा को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पुलिस उपाधीक्षक पद पर प्रोन्नति दी गई है। नीलम शर्मा ने अपनी प्रोन्नति का श्रेय अपने माता-पिता, पति एवं उच्चाधिकारियों के द्वारा समय-समय पर दिए गए मार्गदर्शन को दिया है।
मूलरूप से बरेली की रहने वाली हैं नीलम शर्मा
नीलम शर्मा जो कि मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जाने पहचाने प्राचीन शहर बरेली की रहने वाली हैं। रूहेलखंड विश्वविद्यालय से हिंदी एवं राजनीति शास्त्र में मास्टर डिग्री हासिल कर उन्होंने B.ed भी किया है। वर्ष 1989 में सीधी भर्ती के द्वारा उप निरीक्षक के पद को सुशोभित किया। मुरादाबाद में स्थापित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में पुलिस प्रशिक्षण प्राप्त कर आगरा, एटा, कासगंज में अभिसूचना विभाग की शाखाओं में उप निरीक्षक एवं निरीक्षक के पद पर आसीन हो शासकीय दायित्व का पूरी ज़िम्मेदारी, ईमानदारी एवं बड़ी कर्मठता के साथ निर्वहन किया।
पति कलक्ट्रेट सचिवालय में शासकीय सेवा में हैं
आपकी उच्चकोटि की सेवाओं को दृष्टिगत रखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जनपद अलीगढ़ की स्थानीय अभिसूचना इकाई की शाखा में निरीक्षक के पद से पुलिस उपाधीक्षक (सीओ-एलआईयू) के पद पर प्रोन्नति दी गई है। नीलम शर्मा के पति अरुण शर्मा वर्तमान में कलेक्ट्रेट सचिवालय में शासकीय सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।