विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राष्ट्रीय स्टार्टअप पुरस्कार: 10 साल के स्कूली बच्चे भी बन सकेंगे दावेदार; आवेदन 20 नवंबर तक

Published: Mon, 16 Nov 2026 12:58 PM (IST)

राष्ट्रीय स्टार्टअप पुरस्कार 6.0 में अब 10 साल के बच्चे भी भाग ले सकेंगे, जिसका उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देना है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. 10 साल के बच्चे भी राष्ट्रीय स्टार्टअप पुरस्कार में शामिल।

  2. स्कूली विद्यार्थियों में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा।

  3. चार आयु वर्गों में प्रतिभागी चुने जाएंगे, 20 नवंबर तक आवेदन।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। अब स्कूली बच्चों की प्रतिभा केवल पढ़ाई और परीक्षा के अंकों तक सीमित नहीं रहेगी। छोटी उम्र में नए विचार विकसित करने, तकनीकी समाधान खोजने और अपना उद्यम शुरू करने की सोच रखने वाले विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकेंगे।

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने स्कूलों को विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्टार्टअप पुरस्कार 6.0 में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए हैं। खास बात यह है कि अब इस प्रतियोगिता में 10 वर्ष की उम्र के बच्चे भी शामिल हो सकते हैं। आवेदन की अंतिम तारीख 20 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।

सीबीएसई ने राष्ट्रीय स्टार्टअप पुरस्कार में विद्यार्थियों के लिए चार श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। 10 से 14 वर्ष के बच्चों को ‘बडिंग इनोवेटर्स', 14 से 16 वर्ष के विद्यार्थियों को 'राइजिंग इनोवेटर्स', 16 से 18 वर्ष के विद्यार्थियों को ‘यंग चेंजमेकर्स' और 18 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों को ‘इमर्जिंग एंटरप्रेन्योर्स' श्रेणी में शामिल किया गया है। इससे अलग-अलग उम्र के विद्यार्थियों को अपनी क्षमता और विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

सीबीएसई ने स्कूलों को विद्यार्थियों तक योजना की जानकारी पहुंचाने और प्रतिभाशाली बच्चों की पहचान करने को कहा है। आवेदन की प्रक्रिया स्टार्टअप इंडिया के माध्यम से संबंधित राज्य और केंद्रशासित प्रदेश की स्टार्टअप नोडल एजेंसियों के जरिए संचालित होगी।

नवाचार को मिलेगा आर्थिक प्रोत्साहन

पुरस्कार योजना के विद्यार्थी वर्गों के लिए कुल 25 लाख रुपये का पुरस्कार कोष निर्धारित है। इसके माध्यम से चयनित प्रतिभाओं को उनके नवाचार और उद्यमशीलता के प्रयासों के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

इसका उद्देश्य केवल पुरस्कार देना नहीं, बल्कि बच्चों के विचारों को आगे विकसित करने और उन्हें वास्तविक समाधान में बदलने के लिए प्रेरित करना भी है। इससे स्कूलों में विज्ञान, तकनीक, पर्यावरण, स्वास्थ्य और सामाजिक समस्याओं के समाधान से जुड़े विद्यार्थी प्रोजेक्ट को भी प्रोत्साहन मिल सकता है।

बच्चों में नवाचार और उद्यमशीलता की सोच को मिलेगा प्रोत्साहन

सीबीएसई की सिटी कोआर्डिनेटर एवं कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्य नंदिनी सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय स्टार्टअप पुरस्कार 6.0 एक अत्यंत सराहनीय पहल है, जो कम उम्र से ही बच्चों में नवाचार और उद्यमशीलता की सोच को प्रोत्साहित करती है। बचपन और किशोरावस्था वह महत्वपूर्ण अवस्था है, जब बच्चों की जिज्ञासा, कल्पनाशक्ति, रचनात्मकता और समस्या-समाधान की क्षमता तेजी से विकसित होती है।

ऐसे मंच बच्चों को अपने विचारों को व्यावहारिक रूप देने, स्वतंत्र रूप से सोचने और नए प्रयोग करने का अवसर प्रदान करते हैं। इस पहल का उद्देश्य केवल कम उम्र में उद्यमी तैयार करना नहीं, बल्कि बच्चों को प्रश्न पूछने, लीक से हटकर सोचने और वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान खोजने के लिए प्रेरित करना है।

निश्चित रूप से, ऐसे प्रयास नवाचार करने वाली, चुनौतियों का समाधान खोजने वाली और राष्ट्र के विकास में सार्थक योगदान देने वाली भावी पीढ़ी के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

यह भी पढ़ें- बंगाल में गंगा संरक्षण का पाठ पढ़ेंगे स्कूली बच्चे, 20 शिक्षक बनेंगे प्रशिक्षक

यह भी पढ़ें- 'पेड़ के नीचे हम कब तक पढ़ेंगे...' सरायकेला में केंद्रीय मंत्री के सामने स्कूली बच्चों ने की नारेबाजी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।