विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल में गंगा संरक्षण का पाठ पढ़ेंगे स्कूली बच्चे, 20 शिक्षक बनेंगे प्रशिक्षक

Published: Sun, 15 Nov 2026 07:21 PM (IST)

केंद्र सरकार की नमामि गंगे परियोजना के तहत बंगाल में स्कूली बच्चों को गंगा संरक्षण के प्रति जागरूक करने के ...और पढ़ें

गंगा संरक्षण का पाठ पढ़ेंगे स्कूली बच्चे।

गंगा संरक्षण का पाठ पढ़ेंगे स्कूली बच्चे।

HighLights

  1. बंगाल में स्कूली बच्चों को गंगा संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।

  2. 'गंगा बाक्स' पहल के तहत 20 शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण मिलेगा।

  3. बच्चे गंगा के उद्गम, प्रदूषण और जलीय जीवन का महत्व समझेंगे।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। गंगा को प्रदूषण मुक्त बनाने और उसके पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण की मुहिम अब स्कूलों तक पहुंचेगी। केंद्र सरकार की नमामि गंगे परियोजना के तहत बंगाल में स्कूली बच्चों को गंगा संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष शैक्षणिक कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है।

'गंगा बाक्स' नाम की इस पहल के तहत पहले चरण में नदिया और हुगली जिले के 10 स्कूलों को शामिल किया गया है। प्रत्येक स्कूल से भूगोल और विज्ञान के एक-एक शिक्षक को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस तरह कुल 20 शिक्षक जिला संसाधन व्यक्ति के रूप में तैयार होंगे।

राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी), जर्मनी की विकास सहयोगी संस्था जीआइजेड और स्कूलनेट इंडिया संयुक्त रूप से इस कार्यक्रम को लागू कर रहे हैं। इसके तहत शिक्षकों को विशेष शैक्षणिक सामग्री वाला गंगा बाक्स उपलब्ध कराया जाएगा।

इसके माध्यम से बच्चे गंगा के उद्गम, प्रवाह, सहायक नदियों और जलग्रहण क्षेत्र के बारे में जानेंगे। साथ ही औद्योगिक कचरे, प्लास्टिक और नालों से होने वाले प्रदूषण के दुष्प्रभावों को भी समझेंगे। गंगा में पाई जाने वाली डाल्फिन, मछलियों, कछुओं और जलीय वनस्पतियों के महत्व की जानकारी भी दी जाएगी। खेल, समूह चर्चा, प्रश्नोत्तरी और व्यावहारिक गतिविधियों के जरिए बच्चों को नदी संरक्षण से जोड़ा जाएगा।

17 नवंबर से शुरू होगा प्रशिक्षण शिविर

चयनित 20 शिक्षकों को 17 से 19 नवंबर तक विधाननगर स्थित विश्व बांग्ला में तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्हें मास्टर फैसिलिटेटर के रूप में तैयार किया जाएगा, ताकि वे दूसरे शिक्षकों को भी प्रशिक्षित कर सकें। इससे पहले उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में यह कार्यक्रम लागू किया जा चुका है। अब बिहार और बंगाल में इसे विस्तार दिया जा रहा है।

हालांकि, शिक्षकों को पहले से एसआइआर, जनगणना और स्कूलों की विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपे जाने के कारण उनके अतिरिक्त कार्यभार को लेकर चिंता भी जताई जा रही है। वहीं, भाजपा शिक्षक सेल के राज्य समिति सदस्य अमित चक्रवर्ती का कहना है कि इससे शिक्षकों पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा, बल्कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप व्यावहारिक शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।