विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'पेड़ के नीचे हम कब तक पढ़ेंगे...' सरायकेला में केंद्रीय मंत्री के सामने स्कूली बच्चों ने की नारेबाजी

By Sudhir GoraiEdited By: Nishant Bharti
Published: Sat, 14 Nov 2026 03:07 PM (IST)

सरायकेला के जामडीह में रेलवे ओवरब्रिज उद्घाटन के दौरान स्कूली बच्चों ने अपने विद्यालय भवन के निर्माण में सात साल ...और पढ़ें

सरायकेला में केंद्रीय मंत्री के सामने स्कूली बच्चों ने की नारेबाजी

सरायकेला में केंद्रीय मंत्री के सामने स्कूली बच्चों ने की नारेबाजी

HighLights

  1. जामडीह आरओबी उद्घाटन पर बच्चों ने किया विरोध प्रदर्शन।

  2. सात साल से लंबित विद्यालय भवन निर्माण का मुद्दा उठाया।

  3. सांसद संजय सेठ ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

जागरण संवाददाता, चांडिल/नीमडीह। सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत जामडीह रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का उद्घाटन शनिवार को स्थानीय सांसद सह केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, विधायक सविता महतो एवं प्रखंड प्रमुख फुलमनी हांसदा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। 

आरओबी के उद्घाटन से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल था, लेकिन इसी बीच जामडीह गांव के स्कूली बच्चों ने अपनी वर्षों पुरानी मांग को लेकर सांसद एवं विधायक सविता महतो के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। 

काला बिल्ला लगाकर राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर उतरे बच्चों ने विद्यालय भवन निर्माण में हो रही देरी के विरोध में जमकर नारेबाजी की। बच्चों का यह विरोध प्रदर्शन करीब डेढ़ घंटे तक चला।

विद्यालय भवन का निर्माण अधर में 

उत्क्रमित मध्य विद्यालय जामडीह के विद्यार्थियों का आरोप है कि पिछले सात वर्षों से विद्यालय भवन का निर्माण अधर में लटका हुआ है। पक्के भवन के अभाव में उन्हें कभी जर्जर जामडीह कला केंद्र में तो कभी पेड़ के नीचे बैठकर पढ़ाई करनी पड़ती है। 

बच्चों ने सांसद संजय सेठ और विधायक सविता महतो के खिलाफ नारे लगाते हुए सवाल उठाया कि आखिर कब तक उन्हें बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहकर पढ़ाई करनी पड़ेगी। बच्चे सुबह करीब 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक सड़क पर बैठे रहे।

बच्चों ने लगाए नारे

प्रदर्शन के दौरान बच्चों ने 'खोखला वादा बंद करो, स्कूल भवन का प्रबंध करो', 'हमें भी चाहिए पक्की छत, शिक्षा का मत छीनो हक', 'पेड़ के नीचे हम कब तक पढ़ेंगे, पक्का भवन हम लेकर रहेंगे' और 'शिक्षा का बजट कहां जाता है, हमारा स्कूल क्यों नहीं बन पाता है' जैसे नारे लगाए। 

बच्चों का कहना था कि शिक्षा का अधिकार मिलने के बावजूद उन्हें सुरक्षित और सुविधायुक्त विद्यालय भवन नसीब नहीं हो रहा है। सात वर्षों तक भवन निर्माण नहीं होना व्यवस्था की उदासीनता को दर्शाता है। सांसद संजय सेठ ने तत्काल जिले के उपायुक्त से विद्यालय भवन निर्माण कराने एवं पुराने विद्यालय में मौजूद सात कमरे का साफ सफाई कराते हुए पठन पाठन शुरू कराने का निर्देश दिया।

66 लाख रुपये का मिला था मुआवजा

विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष उत्तम कुमार ने बताया कि करीब सात साल पहले राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने सड़क किनारे स्थित विद्यालय की जमीन और भवन के अधिग्रहण के एवज में 66 लाख रुपये का मुआवजा दिया था। इसके बावजूद अब तक विद्यालय के नए भवन का निर्माण नहीं कराया गया। 

उनके अनुसार, ब्याज सहित यह राशि बढ़कर करीब 76 लाख रुपये हो गई है। भवन के अभाव में विद्यार्थियों को जर्जर जामडीह कला केंद्र में पढ़ाई करनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और बेहतर शैक्षणिक माहौल के लिए जल्द से जल्द विद्यालय भवन का निर्माण कराया जाना चाहिए।

बच्चों के विरोध प्रदर्शन के बाद सांसद संजय सेठ ने संबंधित पदाधिकारी से फोन पर बात कर विद्यालय भवन निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू कराने का निर्देश दिया। उन्होंने अतिशीघ्र निर्माण कार्य शुरू करने को कहा। सांसद के इस आश्वासन के बाद बच्चों ने अपनी मांग को लेकर उम्मीद जताई।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।