अलीगढ़ में मनीष मल्होत्रा डिजाइन के लहंगों का क्रेज, लाइट पिंक ब्राइडल लुक बना पहली पसंद
अलीगढ़ में मनीष मल्होत्रा के डिजाइन से प्रेरित लहंगों की मांग बढ़ी है, जिसमें लाइट पिंक रंग दुल्हन की पहली पसंद बन रहा है।
-1795420393394_m.webp)
रेलवे रोड स्थित शोरूम में ब्राइडल लहंगा पसंद करते ग्राहक। जागरण
HighLights
मनीष मल्होत्रा डिजाइन के लहंगों की अलीगढ़ में बढ़ी मांग।
लाइट पिंक रंग ब्राइडल लुक के लिए बन रहा पहली पसंद।
चांदी के सिक्के और बारीक कढ़ाई से लहंगे बन रहे खास।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। शादी का दिन हर युवती के लिए खास होता है। इस दिन अपने लुक को यादगार बनाने के लिए दुल्हन अपने कपड़ों से लेकर ज्वेलरी और मेकअप तक हर छोटी-बड़ी चीज पर विशेष ध्यान देती हैं। बदलते फैशन के साथ अब ब्राइडल लुक में भी काफी बदलाव देखने को मिल रहा है।
पहले जहां लाल रंग के भारी-भरकम लहंगों को दुल्हन की पहली पसंद माना जाता था, वहीं अब पेस्टल शेड्स और खासकर लाइट पिंक रंग तेजी से पसंद किया जा रहा है। बॉलीवुड डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के डिजाइन से प्रेरित लहंगों का क्रेज भी बाजार में देखने को मिल रहा है। इन लहंगों में शाही अंदाज के साथ माडर्न टच का खूबसूरत मेल देखने को मिलता है।
मनीष मल्होत्रा के डिजाइन वाले लहंगों की मांग
रेलवे रोड स्थित दुकान के संचालक यश ने बताया कि इस बार दुल्हनें मनीष मल्होत्रा के डिजाइन से प्रेरित लहंगों की तस्वीरें दिखाकर उसी तरह का लुक तैयार कराने की मांग कर रही हैं। लाइट पिंक के साथ सीक्वेंस और थ्रेड वर्क वाले लहंगे ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। कई ग्राहक अपने बजट और पसंद के हिसाब से डिजाइन में बदलाव भी करवा रहे हैं।
पहले दुल्हनें लाल और मैरून रंग के लहंगों को प्राथमिकता देती थीं, लेकिन अब लाइट पिंक, पीच और पेस्टल शेड्स की मांग बढ़ी है। खासकर फोटोशूट और शादी के मुख्य समारोह के लिए दुल्हनें अलग और आकर्षक डिजाइन चाहती हैं।
ब्राइडल लहंगे को खास बना रहे चांदी के सिक्के
फैशन डिजाइनर रश्मि आनंद ने बताया कि ब्राइडल लहंगे को खास और यूनिक बनाने के लिए इसमें चांदी के सिक्कों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके अलावा इसमें हैंडवर्क के जरिए बारीक कढ़ाई की जा रही है। लहंगे की खासियत यह है कि इसकी कढ़ाई में घर, मंदिर और अन्य पारंपरिक आकृतियों को भी उकेरा जा रहा है। पूरी तरह हाथों से तैयार किया जा रहा यह डिजाइन पारंपरिक कला और आधुनिक ब्राइडल फैशन का अनूठा संगम है।
लाइट पिंक लहंगे में दिख रहा शाही अंदाज
लाइट पिंक रंग के लहंगों पर सिल्वर और गोल्डन धागों से की गई बारीक कढ़ाई आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। कहीं फूलों की बेलें बनाई जा रही हैं तो कहीं पत्तियों और पारंपरिक मोटिफ्स से पूरे लहंगे को सजाया जा रहा है।
कुछ डिजाइन में लहंगे के बार्डर पर हैवी जरदोजी वर्क किया गया है, जबकि पूरे घेर में हल्की कढ़ाई रखी गई है। नेट और आर्गेंजा फैब्रिक के दुपट्टे पर भी बारीक एंब्रायडरी और किनारों पर हैवी लेस दी जा रही है। इससे ब्राइडल लुक में रायल और एलिगेंट अंदाज आता है।
हल्दी और मेहंदी में भी बदला ब्राइडल फैशन
शादी के समारोहों में अब दुल्हनें हल्दी और मेहंदी के लिए भी पारंपरिक पीले और हरे रंग तक सीमित नहीं हैं। इन आयोजनों के लिए पर्पल, लाइट पिंक, पीच और दूसरे हल्के रंगों के आउटफिट पसंद किए जा रहे हैं। खास बात यह है कि अब दुल्हनें हर समारोह के लिए अलग और थीम के अनुसार ड्रेस तैयार करवा रही हैं।
हल्दी में फ्लोरल डिजाइन और हल्की कढ़ाई वाले आउटफिट तो मेहंदी में पर्पल और पेस्टल शेड्स के साथ आकर्षक मिरर वर्क और थ्रेड वर्क पसंद किया जा रहा है। यानी अब ब्राइडल फैशन में सिर्फ शादी का जोड़ा ही नहीं, बल्कि हल्दी और मेहंदी का लुक भी खास बनता जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।