Khair Upchunav 2024: खैर को मिलेगा नया विधायक, 31 राउंड में पूरी होगी मतगणना; पढ़ें क्या है तैयारी
अलीगढ़ के खैर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव की मतगणना शनिवार सुबह आठ बजे से धनीपुर मंडी परिसर में शुरू होगी। प्रत्याशियों के एजेंटों को सात बजे तक मतगणना स्थल पर पहुंचना होगा। उन्हें केवल पेन और डायरी साथ लाने की अनुमति है जबकि मोबाइल फोन बीड़ी-सिगरेट पानी की बोतल जैसे अन्य सामान प्रतिबंधित रहेंगे। 31 राउंड में सभी 426 बूथों के वोट गिने जाएंगे।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। खैर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में मतदान के बाद प्रशासन ने मतगणना की तैयारी शुरू कर दी है। शनिवार को धनीपुर मंडी परिसर में सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। प्रत्याशियों के एजेंटों को सात बजे तक मतगना परिसर में पहुंचना होगा। ये लोग केवल पेन व डायरी ही अंदर ले जा सकेंगे।
मोबाइल फोन, बीडी-सिगरेट, पानी की बोतल समेत अन्य वस्तुओं व उपकरणों के प्रवेश पर रोक रहेगी। प्रत्याशियों को एक-एक कैलकुलेटर प्रशासन उपलब्ध कराएगा। प्रशासन ने ईवीएम के मतों की गिनती के लिए 14 टेबल लगाई हैं। 31 राउंड में विधानसभा क्षेत्र के सभी 426 बूथों के वोटों की गिनती पूरी हो जाएगी। मत पत्रों की गिनती अलग टेबल पर होगी। दोपहर तक नया विधायक मिल जाएगा।
मतगणना के दिन सुबह छह बजे वीडियोग्राफी की निगरानी में धनीपुर मंडी परिसर में बने ईवीएम के स्ट्रांग रूम का ताला खोला जाएगा। प्रशासन ने इस कार्य की निगरानी के लिए प्रत्याशियों को भी आमंत्रित किया है। इसके बाद प्रत्याशियों के एजेंटों को प्रवेश मिलेगा। मंडी के गेट नंबर दो से एजेंट प्रवेश करेंगे। गेट नंबर एक से मतगणना कार्मिक घुसेंगे। सात बजे तक हर हाल में यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
आठ बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। सबसे पहले इलेक्ट्रानिकली ट्रांसमिटेड पोस्टल बैलेट सिस्टम (ईटीपीबीएस) यानी सर्विस वोटों की गिनती होगी। इसके लिए अलग टेबल है। एक प्रत्याशी इस टेबल के लिए अपना एजेंट नियुक्ति कर सकता है। इस टेबल पर स्कैनर के माध्यम से वोटों को स्कैन कर स्वीकृत किया जाएगा। अन्य मतपत्रों की गिनती के लिए 14 टेबल अलग से हैं।
प्रत्याशी इसमें भी हर टेबल पर एजेंट नियुक्त कर सकता है। सवा आठ बजे से ईवीएम के वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी। स्ट्रांग रूम से मतगणना स्थल तक ईवीएम लाने के लिए कारिडोर तैयार किया गया है। एक राउंड में 14 बूथों की गिनती होगी। पूरे क्षेत्र में 426 बूथ हैं। 31 राउंड में दोपहर तक सभी वोटों की गिनती हो जाएगी।
प्रत्याशियों को दी जानकारी
एडीएम प्रशासन पंकज कुमार ने गुरुवार को कलक्ट्रेट में प्रत्याशियों के साथ बैठक की। इसमें मतगणना से जुड़े नियमों की जानकारी दी। बताया कि कोई भी सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति व जनप्रतिनिधि मतगणना में एजेंट नहीं बन सकेगा। एजेंटों की निगरानी में वोटों की गिनती से लेकर ईवीएम की सीलिंग तक का काम पूरा होगा। रेंडम तौर पर विधानसभा क्षेत्र के पांच बूथों की पर्चियों का ईवीएम के वोटों से मिलान कराया जाएगा। पास धारक ही मतगणना स्थल में प्रवेश कर सकेंगे।
ईवीएम की निगरानी कर रहे सपाई
ईवीएम (इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन) से हुई वोटिंग के सत्यापन संबंधी याचिकाएं पूर्व में खारिज होने के बाद भी विपक्ष सवाल उठाता रहा है। हर चुनाव में विपक्ष मतदान के बाद अपने स्तर से ईवीएम की निगरानी की भी मांग करता है। इस उपचुनाव में भी सपा की ओर से ईवीएम की निगरानी की मांग की गई। पार्टी के कार्यकर्ता धनीपुर मंडी में ईवीएम की बुधवार रात से निगरानी कर रहे हैं।
धनीपुर मंडी में अर्द्धसैनिक बल के सशस्त्र पुलिस की सुरक्षा में ईवीएम रखी हैं। इन जवानों की सुरक्षा में रखीं ईवीएम की सपाई भी निगरानी कर रहे हैं। सपा जिलाध्यक्ष लक्ष्मी धनगर ने बताया कि ईवीएम की निगरानी के लिए प्रशासन से अनुमति मांगी गई है। कार्ड बनते ही कार्यकर्ताओं को दे दिए जाएंगे। फिलहाल पांच-छह कार्यकर्ताओं को निगरानी करने के लिए लगाया गया है। इनके रुकने की व्यवस्था करा दी गई है। मतगणना के दिन तक निगरानी की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।