जयपुर का दमक रहा करवा, फीरोजाबाद की खनक रहीं चूडि़यां
करवा चौथ पर खिला बाजार बिखरी खुशियां रविवार को खरीदारी के लिए निकलीं महिलाएं।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : हमारी संस्कृति, विरासत की गौरव गाथा ठहरे हुए समय की गति भी तेज कर देती है। तीज-त्योहार के इस देश ने तमाम मुश्किलों को मात दी और फिर दौड़ पड़ा। रविवार को बाजार को देखकर एक बार फिर ऐसा ही लगा। करवा चौथ पर बाजार चमक उठा, चेहरे खिल उठे और पर्व का उल्लास बिखर गया। महिलाएं करवा चौथ व्रत की तैयारियों के लिए सामान खरीदती दिखीं। इस बार जयपुर का मिट्टी का करवा आकर्षक है। महिलाएं खूब पसंद कर रही हैं। उसका रंग व डिजाइन सभी को भा रही है।
रविवार को छुट्टी के दिन सुहागिन महिलाएं खरीदारी करने निकलीं। रामघाट रोड पर निरंजनपुरी मार्केट में जयपुर का करवा दमक रहा है। इसके रंग देखते ही बन रहे थे। महिलाएं इसे खूब पसंद कर रही थीं। बाजार में कुम्हारों के बनाए करवा को भी पसंद किए जा रहे हैं। उसे भी अच्छे से कलर किया गया है।
चमक रहीं चूडि़यां : बाजार में इस समय सबसे अधिक भी कॉस्मेटिक की दुकानों पर है। रेलवे रोड पर तो दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। दुकानदार पुनीत वाष्र्णेय का कहना था कि महिलाओं को दिल्ली का चूड़ा खूब भा रहा है। फीरोजाबाद की चूड़ियां भी खरीदी जा रही हैं। महावर, सिदूर, कांसे व गिलट की बिछिया की भी मांग है। मेहंदी की तमाम वैरायटी हैं। कावेरी कोन, बांसुरी, नेहा व कोकिला कोन पसंद की जा रही हैं।
सीरियल के नाम पर साडि़यां : बाजार में तमाम सीरियल के नाम की साडि़यां भी उतारी गई हैं। महिलाएं उन्हें पसंद कर रही हैं। भाबीजी घर पर हैं, ये रिश्ता क्या कहलाता है आदि सीरियल के नाम की साडि़यों की मांग है। ज्वेलरी की दुकानों पर भी भीड़ थी। समद रोड पर खरीदारी करने आईं रजनी पाठक ने बताया कि इस बार कान के झुमके नए डिजाइन में बनाए गए हैं, जो मैंने करवा चौथ के लिए पसंद किए हैं। महिलाएं हार, अंगूठी आदि की भी खरीदारी कर रही हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।