ग्रेटर अलीगढ़ आवासीय योजना के ले-आउट पर काम शुरू, 45 मीटर चौड़ी बनेगी मुख्य सड़क
अलीगढ़ विकास प्राधिकरण खैर रोड पर ग्रेटर अलीगढ़ आवासीय योजना बना रहा है। इस आधुनिक योजना में पांच हजार प्लाट होंगे 45 मीटर चौड़ी मुख्य सड़क और 12 मीटर के संपर्क मार्ग होंगे। सेंटर प्वाइंट चौराहा ग्रीन बेल्ट और खेल स्टेडियम भी बनेंगे। 700 करोड़ की इस परियोजना में 335 हेक्टेयर भूमि का उपयोग होगा जिसमें से 210 हेक्टेयर का अधिग्रहण हो चुका है।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। खैर रोड पर ग्रेटर अलीगढ़ आवासीय योजना आकार लेने लगी है। अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) ने ले-आउट तैयार करना शुरू कर दिया है। यह आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगी। इसमें करीब पांच हजार छोटे-बड़े प्लाट होंगे। योजना में 45 मीटर (135 फीट) चौड़ी मुख्य सड़क बनेगी।,विभिन्न सेक्टरों को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग 12 मीटर (36 फीट) चौड़े होंगे। कालोनी में सेंटर प्वाइंट चौराहा विकसित किया जाएगा। इसके चारों ओर व्यावसायिक गतिविधियों के लिए स्थान निर्धारित रहेगा। ग्रीन बेल्ट के साथ खेल स्टेडियम भी विकसित होगा। लोगों को कालोनी में ही हर सुविधा मिलेगी।
ट्रांसपोर्ट नगर के सामने सात गांवों की 335 हेक्टेयर भूमि में विकसित होने वाली कालोनी पर करीब 700 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। इसमें 350 करोड़ रुपये प्रदेश सरकार ने दिए हैं। शेष एडीए को खर्च करने हैं। सितंबर, 2023 में योजना के लिए बैनामों की शुरुआत हुई थी। एडीए किसानों से सर्किल रेट से चार गुना रेट पर सहमति के आधार पर भूमि की खरीद रहा है।
अब तक 210 हेक्टेयर भूमि ली जा चुकी है। इसमें 190 हेक्टेयर किसानों से खरीदी गई है और 20 हेक्टेयर सरकारी भूमि का पुनर्ग्रहण किया गया है। करीब 480 करोड़ रुपये मुआवजा बांटा जा चुका है। एडीए ने तीन चरणों में इसके विकास का निर्णय लिया है। नई भवन उपविधि के अनुसार इसे विकसित किया जाएगा।
पहले चरण में 70 हेक्टेयर भूमि को शामिल किया गया है। मंडलायुक्त से इसके विकास के लिए सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद अधिकारियों ने लेआउट पर काम शुरू कर दिया है। कालोनी में चौड़ी सड़कों के साथ हरियाली, खेलकूद के माहौल का ध्यान रखा जा रहा है। सभी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। परियोजना में सौ वर्गमीटर से आठ सौ वर्ग मीटर तक के प्लाट होंगे।
इन गांवों से ली गई जमीन
रुस्तमपुर अखन, अहमदाबाद, जतनपुर चिकावटी, अटलपुर, मूसेपुर करीब जिरौली, ल्हौसरा विसावन।
ग्रेटर अलीगढ़ पूरी तरह से आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। इसके लिए ले-आउट तैयार हो रहा है। दीपापली तक लांचिंग की उम्मीद है।- कुलदीप मीणा, उपाध्यक्ष
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।