विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आजादी के बाद अलीगढ़ में नगला तलब गांव को पक्की सड़क की सौगात, 2.86 करोड़ से बनेगी 2.90 KM की रोड

Published: Sun, 29 Nov 2026 12:21 PM (IST)

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-4 के तहत कंचनपुर से नगला तलब तक 2.90 किमी लिंक मार्ग के निर्माण को मंजूरी मिली है, जिस पर 2.86 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

कासगंज जिले की सीमा से जुड़े नगला तलब तक की इसी सड़क का कंचनपुर से किया जाना है निर्माण, सौ. इंटरनेट मीडिया

कासगंज जिले की सीमा से जुड़े नगला तलब तक की इसी सड़क का कंचनपुर से किया जाना है निर्माण, सौ. इंटरनेट मीडिया

HighLights

  1. नगला तलब गांव को आजादी के बाद पहली पक्की सड़क मिली

  2. पीएमजीएसवाई-4 के तहत 2.90 किमी लिंक मार्ग निर्माण को मंजूरी

  3. कंचनपुर से नगला तलब तक 2.86 करोड़ रुपये होंगे खर्च

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। आजादी के बाद से जिस गांव के लोग पक्की सड़क का इंतजार कर रहे थे, अब वहां तक विकास की राह पक्की होने जा रही है। कासगंज जिले की सीमा से जुड़ा अलीगढ़ का नगला तलब गांव अब तक कासगंज की ओर से तो पक्की सड़क से जुड़ा था, लेकिन अपने ही जिले की सीमा से गांव तक पहुंचने के लिए लोगों को कच्चे रास्ते से गुजरना पड़ता था। बरसात में यह रास्ता और मुश्किल हो जाता था। अब इस इंतजार पर विराम लगने जा रहा है।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई)-4 के तहत कंचनपुर से नगला तलब तक पक्की सड़क निर्माण को मंजूरी मिल गई है। आजादी के बाद पहली बार गांव को अलीगढ़ की ओर से पक्के लिंक मार्ग का निर्माण होगा।

कंचनपुर से गांव तक 2.90 किमी लंबा लिंक मार्ग बनाने को मिली मंजूरी

इस सड़क की कुल लंबाई 2.90 किलोमीटर होगी। निर्माण पर 2.86 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। कंचनपुर तक पहले से पक्की सड़क बनी हुई है, लेकिन इसके आगे करीब तीन किलोमीटर का सफर ग्रामीणों को कच्चे रास्ते से तय करना पड़ता था। गांव के लोग लंबे समय से इस मार्ग को पक्का कराने की मांग कर रहे थे। अब स्वीकृति मिलने के बाद गांव को अलीगढ़ जिले के मुख्य सड़क नेटवर्क से बेहतर संपर्क मिलने की उम्मीद जगी है।

2.86 करोड़ रुपये होंगे खर्च

पीएमजीएसवाई के तहत जिले में करीब पांच वर्ष बाद कोई नई सड़क स्वीकृत हुई है। इससे पहले वित्तीय वर्ष 2021-22 में इस योजना के तहत सड़क को मंजूरी मिली थी। ऐसे में नगला तलब तक बनने वाला मार्ग जिले के ग्रामीण संपर्क को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिशासी अभियंता चंद्रवीर सिंह ने बताया कि पिछले दिनों जिला स्तर से इस सड़क के निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया था। अब शासन से स्वीकृत मिल गई है। टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।

250 से अधिक आबादी वाले गांवों को प्राथमिकता

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे गांवों को पक्के मार्ग से जोड़ने का प्रावधान है, जिनकी आबादी कम से कम 250 से अधिक हो। योजना का उद्देश्य गांवों को पक्की सड़कों से जोड़कर आवागमन सुगम बनाना है। नगला तलब के लिए स्वीकृत सड़क इसी कड़ी में महत्वपूर्ण है। इससे ग्रामीणों को अपने ही जिले की ओर से भी पक्की सड़क की सुविधा मिलेगी।

यह भी पढ़ें- ताले की कारीगरी से दुनिया को बताएंगे पहचान: अलीगढ़ की पहचान बनेंगे तीन भव्य स्वागत द्वार, ताला से 1857 की क्रांति की झलक

यह भी पढ़ें- अलीगढ़ परिक्षेत्र के डीआईजी बदले, आगरा से शैलेश पांडेय का तबादला; चुनाव से पहले IPS में बड़ा फेरबदल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।