सात फेरों से पहले पहुंची महिला ने किया ऐसा दावा, सामूहिक विवाद में मच गया बवाल, रोने लगी होने वाली दुल्हन
अलीगढ़ में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत एक शादी समारोह में उस समय हंगामा हो गया जब एक महिला ने दूल्हे को अपना पति बताया। महिला के दावे और वधू की अनभिज्ञता के बाद विवाद बढ़ा और अंततः इस जोड़े का विवाह रोक दिया गया।

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
सामूहिक विवाह समारोह में महिला ने दूल्हे को पति बताया
पत्नी के दावे पर हंगामा, शादी की रस्में रोक दी गईं
योजना में दूल्हे के वैवाहिक इतिहास की जांच का प्रावधान नहीं
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शहरी क्षेत्र में हो रहे वैवाहिक समारोह में अचानक एक महिला के आने पर हंगामा खड़ा हो गया। गंगा सेलिब्रेशन आगरा रोड पर समारोह के बीच में आई महिला का दावा था कि जिस व्यक्ति की शादी कराई जा रही है, वो उसका पति है। दूसरी शादी कैसे कराई जा सकती है? शादी के जोड़े में सजी लड़की से जब इस संबंध में पूछा गया तो उसने इस प्रकरण से अनभिज्ञता जताई।
महिला के दावे व लड़की की अनभिज्ञता जताने के बाद हंगामा बढ़ गया। दो पक्षों में मारपीट जैसी नौबत आ गई। अधिकारियों व लोगों ने दोनों पक्षों को शांत कराया। अंत में इस एक जोड़े का विवाह रोक दिया गया।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में एक जोड़े की शादी पर हंगामा हो गया
दोनों पक्षों को समझाने के दौरान कहासुनी फिर बढ़ गई। महिला ने वर बने व्यक्ति के साथ अपने वैवाहिक संबंधों का हवाला देते हुए इस नए विवाह पर आपत्ति जताई।
जिला समाज कल्याण अधिकारी विनीत मलिक ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत विभाग द्वारा मुख्य रूप से योजना की पात्रता के अनुरूप वधु एवं उसके परिवार का सत्यापन किया जाता है। इसमें वधु की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक होना, उसका पूर्व से विवाहित न होना तथा परिवार की वार्षिक आय निर्धारित सीमा (वर्तमान में तीन लाख रुपये तक) के अंतर्गत होना और जिले का निवासी होना प्रमुख पात्रता शर्तें हैं।
महिला ने खुद को बताया पत्नी, दूसरी शादी के आरोप पर तीखी नोकझोंक
प्रकरण में वधु सामुहिक विवाह योजना की पात्र थी। वहीं, वर के संबंध में योजना के अंतर्गत निर्धारित न्यूनतम आयु 21 वर्ष का परीक्षण किया जाता है। योजना के अंतर्गत विभागीय पात्रता सत्यापन की प्रक्रिया में वर के पूर्व वैवाहिक जीवन अथवा पूर्व वैवाहिक संबंधों की स्थिति के संबंध में अलग से जांच का प्रविधान नहीं है। फिलहाल, विवाद के बाद इस जोड़े का विवाह कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।