आगरा के निर्यातक की बेटी बनेगी अलीगढ़ के भाजपा सांसद की बहू, दिल्ली में होंगे फेरे
आगरा के निर्यातक दिनेश शर्मा की बेटी सागरिका शर्मा का विवाह अलीगढ़ के भाजपा सांसद सतीश गौतम के छोटे बेटे रजत गौतम से होने जा रहा है। यह हाई-प्रोफाइल शादी 4 दिसंबर को नई दिल्ली में होगी, जिसमें प्रधानमंत्री समेत कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। आगरा के कारोबारी परिवार की बेटी अब अलीगढ़ के राजनीतिक परिवार की बहू बनने जा रही है। आगरा के निर्यातक दिनेश शर्मा की बेटी सागरिका शर्मा का विवाह भाजपा सांसद सतीश गौतम के छोटे बेटे रजत गौतम के साथ होगा। विवाह समारोह चार दिसंबर को नई दिल्ली में आयोजित होगा। रजत और सागरिका की रिंग सेरेमनी इसी साल 18 जून को दिल्ली में हो चुकी है।
सागरिका के पिता दिनेश शर्मा मूल रूप से आगरा बटेश्वर के रहने वाले हैं। पिछले 50 साल से वह अपने भाई रमेश शर्मा के परिवार के साथ दिल्ली के सूरजमल बिहार में रहते हैं। गांधीनगर में उनका कपड़े का कारोबार है। उनकी पत्नी का नाम पूनम शर्मा है। वहीं, रजत गौतम भाजपा सांसद सतीश गौतम और मीनाक्षी गौतम के छोटे बेटे हैं। अरेंज मैरिज हो रही है।
विवाह से पहले 30 नवंबर को ग्रेटर नोएडा के सेक्टर आर-6 स्थित दि वेडिंग डोट में दोपहर 12 बजे से सगाई और प्रीतिभोज का आयोजन होगा। इसके बाद चार दिसंबर को नई दिल्ली के लोधी रोड स्थित दि जोरा के बालरूम एवं मिस्ट हाल( नेहरू स्टेडियम) में शाम सात बजे से विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा।
विवाह समारोह के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ नेताओं को निमंत्रण भेजने की तैयारी है। सांसद के राजनीतिक संपर्कों के चलते समारोह में राष्ट्रीय स्तर के कई राजनीतिक चेहरों की मौजूदगी की चर्चा है। जिले में विवाह या प्रीतिभोज का अलग से कोई कार्यक्रम नहीं रखा गया है। सांसद के अनुसार निमंत्रण पत्रों का वितरण शुरू हो गया है।