अलीगढ़ एयरपोर्ट पर भारतीय सेना के माइक्रोलाइट विमान, एनसीसी कैडेट्स ने लिया हवाई अनुभव
भारतीय सेना के क्रॉस कंट्री अभियान के तहत अलीगढ़ एयरपोर्ट पर तीन माइक्रोलाइट विमान उतरे। एनसीसी कैडेट्स को विमानन की दुनिया समझने और माइक्रोलाइट में उड़ान भरने का अनूठा अवसर मिला।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। अलीगढ़ एयरपोर्ट पर शुक्रवार को कुछ ऐसा नजारा देखने को मिला, जो एनसीसी कैडेटों के लिए यादगार बन जाएगा। भारतीय सेना के क्रास कंट्री एडवेंचर एवं प्रचारात्मक उड़ान अभियान में शामिल तीन माइक्रोलाइट विमान यहां पहुंचे।
इनके जरिए एनसीसी कैडेटों को न केवल विमानन की दुनिया को करीब से देखने का मौका मिलेगा, बल्कि उन्हें माइक्रोलाइट विमान में उड़ान भरने का अनूठा अवसर भी दिया गया। सुबह 10 बजे तीनों विमान अलीगढ़ एयरपोर्ट पर पहुंच गए। ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय सेना की ओर से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
तीन माइक्रोलाइट विमानों के साथ 16 नवंबर को बिहार के गया से शुरू हुआ यह सफर तीन दिसंबर को कर्नाटक के बेंगलुरु में पूरा होगा। इसके बाद नौ दिसंबर को बेंगलुरु में एयर शो आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत 21 उड़ान दिवसों में करीब 4443 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। इस दौरान देश के विभिन्न शहरों और राज्यों में विमान पहुंचेंगे।
उत्तर प्रदेश बटालियन एनसीसी के कमांडिंग आफिसर कर्नल अभ्यास अवस्थी ने बताया कि इसी क्रम में जिले में विमानों के आगमन पर कैडेटों के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। विमानन के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए प्रचारात्मक एयर शो व जागरूकता कार्यक्रम भी होंगे।
इसका उद्देश्य युवाओं को विमानन क्षेत्र की संभावनाओं से परिचित कराने के साथ भारतीय सेना और उससे जुड़े विमानन क्षेत्रों में करियर बनाने के लिए प्रेरित करना है। एनसीसी कैडेटों के लिए यह आयोजन सिर्फ आसमान में उड़ान भरने का अनुभव नहीं, बल्कि सेना व विमानन क्षेत्र को करीब से समझने का अवसर भी होगा।