Coronavirus Alert in Aligarh : स्वास्थ्य विभाग ने फिर सुझाया-सुमन-के फार्मूले से धोएं हाथ
बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच स्वास्थ्य विभाग ने एक बार फिर हाथों की स्वच्छता पर जोर दिया है। इसके लिए मास्क व शारीरिक दूरी के नियम का पालन करने के साथ पुन सुमन-के फार्मूला से हाथ धोना शुरू करने को कहा है।

अलीगढ़, जेएनएन। बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच स्वास्थ्य विभाग ने एक बार फिर हाथों की स्वच्छता पर जोर दिया है। इसके लिए मास्क व शारीरिक दूरी के नियम का पालन करने के साथ पुन: सुमन-के फार्मूला से हाथ धोना शुरू करने को कहा है। कोविड से बचाव में यह फार्मूला काफी सहायक सिद्ध हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि यदि हाथों की स्वच्छता ठीक तरीके से न की जाए तो कोविड की जद में आने का खतरा बना रहता है।
ऐसे बरतें सतर्कता
सीएमओ डा. बीपीएस कल्याणी ने बताया कि एक नियम सभी को याद रखना चाहिए कि इस समय अगर कोई भी चीज छुएं तो हाथों को तुरंत साफ कर लें। हाथों को साबुन पानी से धुलें और अगर साबुन पानी मौजूद नहीं है तो 70 फीसदी एल्कोहल युक्त सैनिटाइजर से साफ कर लें। असुरक्षित स्पर्श से कोविड प्रसार का खतरा रहता है। इसलिए विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। कोरोना वायरस किसी व्यक्ति, वस्तु या सतह पर मौजूद है तो उसे स्पर्श करने से वायरस छूने वाले व्यक्ति के हाथों में आ जाता है। इससे बचने के दो उपाय हैं। सबसे महत्वपूर्ण व अनिवार्य उपाय हाथों को सैनिटाइज करना या साबुन-पानी से 60 सेकंड तक धोना है। दूसरा उपाय किसी भी सूरत में हाथों से आंख, नाक और मुंह को न छुएं।
सीएमओ के अनुसार हाथों की सिर्फ एक बार स्वच्छता से कार्य नहीं चलेगा। जितनी बार कोई चीज छुएंगे उतनी बार सफाई आवश्यक है। बाजार से आई कोई चीज छू रहे हैं। अपना मास्क या कपड़े उतार रहे हैं। अपने ही शरीर का कोई भाग छू रहे हैं या कोई भी चीज छू रहे हैं तो हाथों की स्वच्छता अवश्य करें। यह नियम मास्क के इस्तेमाल और दो गज दूरी के नियम के साथ आवश्यक तौर पर पालन किया जाना चाहिए। सभी लोगों को घर से बाहर निकलते समय पाकेट हैंड सैनिटाइजर अवश्य साथ लेकर चलना चाहिए।
ये भी हैं फायदे
दीनदयाल अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल आफिसर डा. अकुर अग्रवाल ने बताया कि हाथों की स्वच्छता के और भी फायदे हैं। जैसे गैस की बीमारी, सांस व डायरिया से जुड़ी बीमारियों को हाथों को स्वच्छ कर सकते हैं।
ये है फार्मूला
एस- सीधा हाथ
यू- उल्टा हाथ
एम- मुट्ठी
ए- अंगूठा
एन- नाखून
के- कलाई
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।